बदायूं: शराब पीकर गाली देने को लेकर हुए विवाद में की थी जितेंद्र की हत्या, पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल
कोतवाली बिल्सी क्षेत्र के गांव अगौली के पास खेत की गूल में तीन अप्रैल को मिला था शव
बिल्सी/बदायूं, अमृत विचार। बिल्सी कोतवाली क्षेत्र के गांव के पास खेत के गूल में युवक का शव मिला था। मृतक की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद समेत दो लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि शराब पीने के दौरान मारपीट के बाद उसने युवक के सिर पर पत्थर मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया।
बिल्सी क्षेत्र के गांव अगौल निवासी जितेंद्र शाक्य के माता-पिता नहीं थे। वह पंजाब में रहकर मजदूरी करते थे। होली के त्योहार के चलते गांव आए थे। गांव में दादी के साथ रहते थे। तीन अप्रैल की शाम गांव के पास काली माता मंदिर के सामने के खेत की गूल में जितेंद्र शाक्य का शव मिला था। पुलिस ने अगले दिन शव का पोस्टमार्टम कराया। जिसमें सिर में चोट लगने से जितेंद्र शाक्य की मौत होने की बात सामने आई थी।
मृतक के भाई आकाश शाक्य की तहरीर पर पुलिस ने पांच अप्रैल को गांव निवासी बॉबी पुत्र विद्याराम उर्फ पप्पू को नामजद करते हुए दो लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। आकाश ने बताया था कि बॉबी और एक अन्य युवक जितेंद्र शाक्य को घर से बुलाकर ले गए थे और हत्या कर दी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रविवार को आरोपी बॉबी को गांव बरनी ढकपुरा मोड़ से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि दो अप्रैल को उसने और जितेंद्र शाक्य ने काली माता मंदिर पर साथ बैठकर शराब पी थी। नशा ज्यादा होने पर जितेंद्र शाक्य गाली देने लगे थे जिसके चलते दोनों में विवाद होने लगा था। गाली-गलौज और फिर मारपीट हुई। उसने जितेंद्र शाक्य को खेत की गूल में गिरा दिया। उसके सिर पर पत्थर से वार करके हत्या कर दी थी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने आलाकत्ल दो पत्थर के टुकड़े और हत्या के वक्त पहने आरोपी के कपड़े बरामद कर लिए। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार मिश्रा, निरीक्षक अपराध उमेश कुमार, उपनिरीक्षक विनय कुमार, सिपाही सर्वेश कुमार, राजेश कुमार व सुधीर कुमार रहे।
ये भी पढ़ें- बदायूं: स्कूलों की गलती का खामियाजा भुगतेंगे 98 बच्चे, बैंक में नहीं पहुंच पा रही धनराशि
