हल्द्वानी: मई में हो सकते हैं निकाय चुनाव, प्रशासन ने तेज की तैयारियां

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। स्थानीय निकाय चुनाव का बिगुल मई में फुंक सकता है। जिला प्रशासन लोकसभा चुनाव का मतदान होने के तुरंत बाद स्थानीय निकाय चुनाव की तैयारियों में जुट गया है। अतिसंवेदनशील बूथों के चिन्हीकरण से लेकर निर्वाचन नामावलियों की जांच में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।   

जिला निर्वाचन अधिकारी (स्थानीय निकाय)/डीएम वंदना सिंह ने बीती 30 मार्च को नगर निगम, नगर पालिका व नगर पंचायतों में संवेदनशील, अतिसंवेदनशील बूथों के चिन्हीकरण के लिए कमेटियां गठित कर दी हैं। इस कमेटी में नगर पालिका एवं नगर पंचायत में बूथों के चिन्हीकरण के लिए संबंधित एसडीएम को अध्यक्ष, संबंधित सीओ, तहसीलदार, अधिशासी अधिकारी, थाना प्रभारी को सदस्य बनाया है।

वहीं,  नगर निगम के लिए उप जिला निर्वाचन अधिकारी स्थानीय निकाय को अध्यक्ष, पुलिस अधीक्षक, नगर निगम के अपर मुख्य नगर अधिकारी, सिटी मजिस्ट्रेट, सीओ सिटी, नगर निगम के दायरे में आने वाले सभी एसडीएम, तहसीलदार, सीओ व थाना प्रभारियों को सदस्य बनाया है।

उन्होंने कमेटियों से अपने-अपने क्षेत्रों में सर्वे कर संवेदनशील व अतिसंवदेनशील बूथों को चिन्हित करने और सुरक्षा की योजना के बारे में जानकारी देने को कहा है। इधर, लोकसभा चुनाव मतदान की तैयारियों की वजह से कमेटियों ने बूथों का चिन्हीकरण नहीं कर सकीं। इसके बाद बीती 18 अप्रैल को उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने गठित कमेटियों से संवेदनशील व अतिसंवेदनशील बूथों की सूची मांगी है। इसमें स्पष्ट है कि इन सूची को तत्काल राज्य निर्वाचन आयोग को भेजा जाएगा।  

नगर निकाय निर्वाचक नामावलियों की जांच के भी निर्देश
 उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त, नैनीताल नगर पालिका के ईओ को नगर निकाय निर्वाचक नामावलियों की जांच करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कड़े लहजे में कहा कि नामावलियों की जल्द से जल्द जांच की जाए, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके। 

 

संबंधित समाचार