पीलीभीत: मंडी समिति का हाल...टैक्स से मालामाल और सुविधाएं देने में कंगाल, तपती गर्मी में ठंडे पानी को तरस रहे किसान और आढ़ती

पीलीभीत: मंडी समिति का हाल...टैक्स से मालामाल और सुविधाएं देने में कंगाल, तपती गर्मी में ठंडे पानी को तरस रहे किसान और आढ़ती

पीलीभीत, अमृत विचार। लाखों रुपये की रोजाना आय करने वाली मंडी समिति का हाल बेहाल है। आलम यह है कि मंडी समिति में आने वाले किसानों को तपती गर्मी में भी गला तर करने को ठंडा पानी भी मयस्सर नहीं हो पा रहा है। खास बात यह है कि परिसर में लगे आधा दर्जन से अधिक हैंडपंप खराब पड़े हुए हैं। वॉटर स्टैंड पोस्ट खराब पड़े हुए हैं। समस्या यहीं पर खत्म नहीं होती। परिसर में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। गंदगी में भोजन की तलाश करते छुट्टा पशुओं के झुंड आढ़तियों एवं किसानों के लिए मुसीबत बने हुए हैं।

शहर स्थित कृषि उत्पादन मंडी समिति उपज से टैक्स वसूली कर मालामाल हो रही है, लेकिन जिनसे टैक्स वसूली की जा रही है, मंडी प्रशासन उन्हें भी सुविधाएं देने में नाकाम साबित हो रहा है। मंडी प्रशासन की ओर से परिसर में दी जाने वाली अधिकांश सुविधाएं बदहाल पड़ी हुई है। ऐसे में बड़ी तादाद में मंडी आने वाले किसानों और आढ़तियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। 

इन दिनों तन झुलसा देने वाली गर्मी चरम पर है, लेकिन परिसर में लगे करीब आधा दर्जन हैंडपंप खराब पड़े हुए हैं। वॉटर स्टैंड पोस्ट ठप पड़े हैं। कमोवेश कुछ ऐसा ही हाल सफाई व्यवस्था का है। यहां सड़कों की सफाई कर उन्हें चमका दिया जाता है, लेकिन मंडी परिसर की खाली पड़ी जगहों पर कूड़े के अंबार लगे हुए हैं। परिसर में छुटटा पशुओं के घूमने पर पर भी कोई पाबंदी नहीं है। इनसे आढ़ती और फसल सब्जी वाले भी खासे परेशान है। इसका खामियाजा मंडी आने किसानों और आढ़तियों को भुगतना पड़ रहा है। 

3f1f7f65-5a37-44e6-a518-acef7ad4c70f

इस संबंध में जब मंडी सचिव अशोक कुमार से बात करने का प्रयास किया गया तो उनसे संपर्क नहीं हो सका। हालांकि कार्यालय में मौजूद मंडी निरीक्षक जहीर खां ने बताया कि खराब हैंडपंप को दुरुस्त कराने संबंधी प्रस्ताव बनाकर उच्चाधिकारियों को भेजा गया है। अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने का पूरा प्रयास किया जा रहा है।

गला तर करने को भटकते किसान
मंडी समिति परिसर में आने वाले किसानों और आढ़तियों के लिए शुद्ध पेयजल मुहैया कराने को हैंडपंप और आरओ लगाए गए हैं, लेकिन मौजूदा समय में यहां करीब आधा दर्जन हैंडपंप खराब पड़े हुए हैं। यह सभी खाद्यान्न, फल और सब्जी मंडी में लगे हुए हैं। इन दिनों मंडी में गेहूं की खरीद चल रही है। ऐसे में रोजाना ही बड़ी तादाद में किसान मंडी पहुंच रहे हैं, लेकिन इन किसानों को  उमस भरी गर्मी में भी ठंडा पानी भी मयस्सर नहीं हो पा रहा है। ऐसा ही कुछ हाल आढ़तियों का है। समस्या का समाधान न होता देख इन आढ़तियों ने वाटर कूलर मंगवाना शुरू कर दिया है। वॉटर स्टैंड पोस्ट भी ठप पड़े हुए हैं। कृषक विश्राम गृह में लगा इकलौता हैंडपंप भी खराब पड़ा हुआ है।

सड़ांध से हर कोई परेशान
मंडी प्रशासन परिसर की साफ सफाई के लिए हर माह बड़ी धनराशि खर्च करता है, इसके बावजूद मंडी मे जगह-जगह कूड़ा देखा जा सकता है। चाहे खाद्यान्न मंडी हो या फिर फल-सब्जी मंडी, हर जगह जगह कूड़े के ढेर देखे जा सकते हैं। ऐसा भी नहीं कि मंडी में सफाई नहीं होती, लेकिन सफाई के नाम पर मात्र सड़कों पर झाड़ू लगाकर उन्हें साफ सुथरा कर दिया जाता है ताकि मंडी में आने वाले अफसरों को सफाई होने का अहसास होता रहे। मगर, सफाई के नाम पर परिसर के भीतर ही खाली पड़े हिस्सों में कूड़े का अंबार देखा जा सकता है।

234adc67-590a-4bef-a12d-b5509a47d23a

मंडी में अव्यवस्था का माहौल है। शुद्ध पानी मिलना दूभर है। समस्या को लेकर कई बार लिखित रूप से मंडी प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन अभी तक इस पर ध्यान नहीं दिया गया। अब मजबूरी में पानी खरीद का पीना पड़ रहा है-सचिन सिंह, खाद्यान्न आढ़ती।

पूरे मंडी में अलग-अलग जगहों पर लंबे समय से हैंडपंप खराब पड़े हुए हैं। गर्मी में पानी की सबसे ज्यादा जरुरत पड़ती है। आढ़ती हो या किसान, सभी को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। कृषक विश्राम गृह का हैंडपंप भी खराब पड़ा है - भजन लाल क्रोधी, किसान नेता।

मंडी में लगे बुनियादी सुविधा न के बराबर है। सबसे ज्यादा दिक्कत मंडी में आने वाले किसानों को हो रही है। अन्य सुविधाएं मिलना तो दूर शुद्ध और ठंडा पानी मिलना भी दूर की कौड़ी है। मंडी प्रशासन को इस पर ध्यान देना चाहिए - तोताराम, किसान।

मंडी में पानी की समस्या तो लंबे समय से बनी हुई है। छुट्टा जानवर भी खुलेआम घूम रहे हैं। बोरों को फाड़ कर अनाज बिखेर देते हैं। कभी कभार तो इनकी भगदड़ से लोग चोटिल भी हो रहे हैं। मंडी प्रशासन को देखना चाहिए - रामऔतार, किसान।

ये भी पढ़ें- पीलीभीत: पुलिस के पिंक बूथ पर गरजी जेसीबी, हादसों की रोकथाम के लिए डीएम-एसपी ने की प्लानिंग...सुधरेंगे ब्लैक स्पॉट