हल्द्वानी: उधार मांगा, नहीं दिया तो हथौड़े से सिर फोड़ दिया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। सिर पर पहले से ही कर्ज था। दपंति और उधार मांग रहा था। युवक के मना करने पर दंपति ने हथौड़े से हमला कर सिर फोड़ दिया। युवक को गंभीर अवस्था में उपचार के लिए डा.सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। बनभूलपुरा पुलिस ने आरोपी दंपति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

इंद्रानगर निवासी नाजरा ने पुलिस को बताया कि घर के पास ही नफीस उर्फ अंसारी अपनी पत्नी यासमीन के साथ रहता है। आरोप है कि नफीस ने उनके बेटे नाजिम से 50 हजार रुपये उधार लिए थे। समय पूरा होने के बावजूद वह पैसे वापस नहीं कर रहे थे। बीती 28 अप्रैल की रात नाजिम घर से दवा लेने जा रहा था।

बरसाती रोड के पास नफीस और यासमीन ने नाजिम को रोक लिया। वह नाजिम से कुछ और रुपये उधार मांगने लगे। नाजिम ने पूर्व के पैसे मांगते हुए उधार देने से इंकार कर दिया। इस पर दंपति ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और हथौड़े से उसके सिर पर हमला कर दिया।

नाजिम को डा.सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के मुताबिक नाजिम के सिर की हड्डी टूट गई है और सिर पर 15 टांके लगाने पड़े। बनभूलपुरा थानाध्यक्ष नीरज भाकुनी का कहना है कि घायल की मां की ओर से तहरीर मिली है। जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। 

संबंधित समाचार