बदायूं: सही कराने के बजाय ढक दिए खराब पंखे, तीमारदार बेहाल

बदायूं: सही कराने के बजाय ढक दिए खराब पंखे, तीमारदार बेहाल

बदायूं, अमृत विचार: जिला महिला अस्पताल में गर्मी और उमस में तीमारदारों को बिना पंखे के बैठना पड़ रहा है। सही कराने की बजाय खराब हुए पंखों को कपड़े से ढक दिया गया है। पंखा बंद होने से महिलाएं एवं बच्चों को परेशानी हो रही है। शिकायत करने के बाद भी पंखे को ठीक नहीं कराया गया है।
 
जिला महिला अस्पताल में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर मरीजों एवं तीमारदारों को हर रोज परेशानी होती है। दूसरी मंजिल पर तीमारदार महिलाएं बड़े हाल में बैठती हैं। परिजन भी यहीं पर बैठते हैं। इस हाल में दीवारों पर लगे पंखे खराब होने के कारण बंद रहते हैं। अस्पताल प्रशासन ने बंद पंखों को कपड़े से ढक दिया है। पंखे के नीचे बैठी महिलाओं ने बताया कि यहां पर गर्मी और उमस के कारण बैठना मुश्किल हो रहा है। 

कर्मचारियों से पंखा चलाने को कहा तो उन्होने पंखा खराब होने की बात कह दी। इतने बड़े हाल में मात्र दो पंखे लगे हैं। यहां पर दर्जनों लोग सुबह से शाम तक बैठे रहते हैं। इस गर्मी में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। कुछ तीमारदारों ने सोमवार को पंखा ठीक कराने को कहा इस पर कर्मचारियों से कहा सुनी भी हो गयी। यह पंखा कई दिनों से खराब है। इसलिए इसे काले कपड़े से ढक दिया गया है। इसी तरह ग्राउंड फ्लोर पर भी पंखे बंद रहते हैं।

यह भी पढ़ें- बदायूं: सुबह-शाम पड़े वोट, दोपहर में केंद्रों पर पसरा रहा सन्नाटा