पीलीभीत: धरातल पर उतरीं 48 पेयजल परियोजनाएं, 1.20 लाख की आबादी को मिला शुद्ध पानी

पीलीभीत: धरातल पर उतरीं 48 पेयजल परियोजनाएं, 1.20 लाख की आबादी को मिला शुद्ध पानी

पीलीभीत, अमृत विचार।  ग्रामीण अंचलों की 1.20 लाख आबादी को आखिरकार शुद्ध पानी नसीब ही हो गया। जल जीवन मिशन के तहत जिले में 48 पेयजल परियोजनाओं का काम पूरा करते हुए पानी सप्लाई शुरू करा दी गई है। अफसरों का दावा है कि अगले डेढ़-दो माह में 50 अन्य पेयजल परियोजनाओं का काम पूरा लिया जाएगा। शेष एक-दो परियोजनाओं को छोड़ सभी परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है।

बीस लाख से अधिक आबादी वाले तराई के इस जिले में हर घर नल योजना के तहत गांवों में घरों तक पाइप लाइन के जरिए शुद्ध पानी पहुंचाने के लिए 550 करोड़ रुपए की लागत से 484 पेयजल परियोजनाओं को मंजूरी मिली थी। इसके तहत ग्राम पंचायतों में पाइप लाइन बिछाने के साथ पंप हाउसों का निर्माण और सोलर पैनल से संबंधित कार्य कराए जा रहे हैं। जिले में दो कार्यदायी संस्थाओं के माध्यम से फरवरी 2022 में काम शुरू कराया गया था।

जल निगम के मुताबिक फेज दो के तहत 264 पेयजल परियोजनाओं पर काम शुरू कराया गया था। इन सभी परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। अधिकारियों का दावा है कि  80 फीसदी काम हो चुका है। फेज तीन में भी 220 पेयजल परियोजनाओं पर काम चल रहा है। विभाग के मुताबिक फेज तीन को लेकर देरी से काम शुरू हुआ था। इसमें 219 पेयजल परियोजनाओं पर काम चल रहा है। एक परियोजना का कार्य जमींनी विवाद के चलते शुरू हो सका है। निस्तारण होते ही इस परियोजना पर भी तेजी से काम शुरू कराया जाएगा।

बीसलपुर व बरखेड़ा में सर्वाधिक 14-14 परियोजनाएं पूरी
जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल योजना के तहत जिले के छह ब्लॉकों में 48 परियोजनाओं का काम पूरा कर लिया गया। इन सभी परियोजनाओं के माध्यम से गांवों में घर-घर पानी की सप्लाई भी पूरी की जा चुकी है। यह सभी परियोजनाएं बिलसंडा ब्लाक को छोड़कर शेष बचे छह अन्य ब्लॉकों में पूरी की गई हैं। 

ब्लॉकवार परियोजना कार्यों पर नजर दौड़ाए तो इसमें बीसलपुर एवं बरखेड़ा में सर्वाधिक 14-14 परियोजनाओं का शत प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है। जबकि ललौरीखेड़ा ब्लाक में 10, मरौरी में पांच, अमरिया में चार और पूरनपुर ब्लाक में मात्र एक परियोजना का कार्य पूरा किया गया है। जल निगम के अधिकारियों का दावा है कि अगले डेढ़ या दो माह में करीब 50 परियोजनाओं का कार्य भी पूरा करा लिया जाएगा।

15216 घरों को कनेक्शन, 1.20 लाख आबादी तक पहुंचा शुद्ध पानी
जिले में 48 पेयजल परियोजनाओं का काम पूरा होने के बाद घरों में शुद्ध पानी की सप्लाई भी शुरू कर दी गई है। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक इन सभी परियोजनाओं का कार्य पूरा होने के बाद गांवों में घर-घर 15216 कनेक्शन किए गए हैं। 48 परियोजनाओं के माध्यम से 1,20,275 आबादी लाभाविंत हुई है।

यह है स्थिति
ब्लॉक/कनेक्शनों की संख्या/लाभान्वितों की संख्या
पूरनपुर/         430/                 2838
मरौरी/           1445/              12145
ललौरीखेड़ा/    3063/              23888
अमरिया/         1285/             10313
बीसलपुर/        5361/              48857
बरखेड़ा/          3552/              32334

जल जीवन मिशन के तहत जनपद में 48 पेयजल परियोजनाओं का कार्य पूरा किया जा चुका है। परियोजना से जुड़े सभी गांवों में पेयजल सप्लाई भी शुरू की जा चुकी है। डेढ़-दो माह में 50 अन्य परियाजनाओं का कार्य शत प्रतिशत पूरा करा लिया जाएगा। शेष अन्य परियोजनाओं पर भी कार्य चल रहा है। - मनीष गंगवार, अधिशासी अभियंता, जल निगम