पीलीभीत: सप्त सरोवर में 167.90 लाख खर्च, फिर भी सुविधाएं देने में चूक गए जिम्मेदार...चूका में पर्यटकों का लोड कम करने में भी नाकाम
पीलीभीत, अमृत विचार। पीटीआर के चूका बीच में सैलानियों का लोड कम करने के लिए लाखों रुपए की लागत से विकसित किया गया सप्त सरोवर टूरिज्म स्पॉट सैलानियों को अपनी ओर आकर्षित करने में नाकाम साबित हो रहा है। पीटीआर प्रशासन ने पाया कि यहां बनाई गई हटों में गर्मी से बचाव के उचित संसाधन नहीं है। इस मामले में पीटीआर के डिप्टी डायरेक्टर ने टूरिज्म स्पॉट पर अन्य सुविधाएं मुहैय्या कराने को पत्र लिखा है। इसके साथ ही उन्होंने निदेशक पर्यटन विभाग से भी वार्ता कर स्थिति से अवगत कराया है।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व में इको टूरिज्म स्पॉट चूका में सैलानियों का लोड कम करने के उद्देश्य से चूका बीच की तरह की एक अन्य टूरिज्म स्पॉट विकसित करने का निर्णय लिया गया था। इसके बाद पीटीआर में ही नया टूरिज्म स्पॉट विकसित करने को बराही रेंज के सप्त सरोवर का चयन किया गया था। ईको टूरिज्म को विकसित करने के लिए पर्यटन विभाग की ओर से 167.90 लाख की धनराशि आवंटित की गई। आवंटित धनराशि से सप्त सरोवर में सैलानियों के ठहरने के लिए दो टेंट और दो कॉटेज का निर्माण कराने के लिए बच्चों के लिए एडवेंचर गेम आदि की सुविधाएं भी मुहैया कराई गई। इस प्रोजेक्ट के तैयार होने के बाद माना जा रहा था कि यहां सैलानियों की संख्या बढ़ने के साथ-साथ आय में भी बढ़ोतरी होगी।
सप्त सरोवर में पिछले माह से बुकिंग भी शुरू कर दी गई, लेकिन नवनिर्मित टूरिज्म स्पॉट में सैलानी उस रफ्तार से नहीं पहुंच रहे हैं, जिसकी पीटीआर प्रशासन उम्मीद कर रहा था। वन अफसरों ने इस पर मंथन किया और व्यवस्थाओं को परखा तो पाया कि यहां गर्मी से बचाव को उचित संसाधन नहीं हैं। नवनिर्मित कॉटेजों में एयर कंडीशनर की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में सैलानियों को गर्मी के सीजन में रात्रि विश्राम के लिए असुविधा हो रही है। जिससे यहां ठहरने वाले सैलानियों की संख्या भी घट रही है।
नवनिर्मित कॉटेजों को वातानुकूलित कराने को भेजा प्रस्ताव
नए टूरिज्म स्पॉट में सैलानियों की कम मौजूदगी और आपेक्षित आय न होने पर पीटीआर प्रशासन ने पर्यटन विभाग के अफसरों को इससे अवगत कराया है। वहीं पीटीआर के डिप्टी डायरेक्टर मनीष सिंह ने वन संरक्षक को इससे अवगत कराते हुए यहां निर्मित कॉटेजों में चार विंडो एसी, एक स्पिलिट एसी और साइलेंट जनरेटर की सुविधा उपलब्ध कराने का सुझाव दिया है। उन्होंने उक्त सुविधाओं को उच्च स्तर पर प्रेषित करने की बात कही है।
सप्त सरोवर टूरिज्म स्पॉट के मामले में वन संरक्षक को पत्र के माध्यम से अवगत कराया गया है। यहां संसाधन मुहैया कराने को अतिरिक्त प्रस्ताव दिया गया है। जरूरी हुआ तो यहां सोलर पैनल का भी प्रावधान कर सकते हैं। - मनीष सिंह, डिप्टी डायरेक्टर, पीटीआर
ये भी पढ़ें- पीलीभीत: सुविधाएं बदहाल...नरक जैसे हो गए कांशीराम कॉलोनियों के हाल, भवन जर्जर छज्जा लटका तो कहीं चटकने लगी दीवारें
