काशीपुर: बढ़ते तापमान से टमाटर की फसल को नुकसान

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

काशीपुर, अमृत विचार। तराई क्षेत्र में पड़ रही भीषण गर्मी ने जहां लोगों की मुश्किलें बढ़ा रखी हैं। वहीं सब्जियों को इससे नुकसान होने लगा है। बढ़ते तापमान से सब्जियों के पौधे मुरझाने लगे हैं। तापमान अधिक होने के कारण टमाटर में फंगस लगने लगा है। इससे टमाटर की फसल को नुकसान की संभावना है।

काशीपुर के बरखेड़ी में 10 से 12 हेक्टेयर में लगे किसानों के खेत में टमाटर में फंगस लगने लगा है। इससे करीब एक हेक्टेयर टमाटर की फसल ख़राब हो गई है और पैदावार पर इसका असर दिखने लगा है। वहां के पौधे मुरझाने लगे हैं। इसको लेकर किसानों को आर्थिक नुकसान की चिंता सताने लगी है।

एक पीड़ित किसान उमेश सिंह ने बताया कि उन्होंने एक एकड़ में टमाटर लगा रखे हैं। इस बार गर्मी के बढ़ते ही करीब तीन बीघा खेत में टमाटर में फंगस लगा गई है। इससे पेड़ मुरझा रहे हैं। साथ ही टमाटर भी खराब होने लगे हैं। इससे उनको दो से ढाई लाख रुपये का आर्थिक नुकसान होने की सम्भावना है।

उद्यान विभाग के वरिष्ठ निरीक्षक जेसी तिवारी ने बताया कि ग्राम बरखेड़ी में उमेश सिंह व प्रेम सिंह के खेतों में स्टीमरॉड नामक बीमारी लगी हुई है। यह बीमारी करीब एक हेक्टेयर क्षेत्र में लगी हुई है। इसमे पौधे सूखने लगते हैं और फसल खराब हो जाती है। टमाटर की फसल में यह बीमारी गर्मी में तापमान बढ़ने से लगती है। बताया कि बीमारी से निदान के लिए कुछ आवश्यक दवाओं का छिड़काव करने को किसानों को बोला गया है। 

संबंधित समाचार