बाराबंकी: एचटी लाइन से छुआ मिक्सर मशीन का लिफ्ट चैनल, एक की मौत, दो गंभीर रूप से घायल
एक ही हालत गंभीर, मकान के निर्माण को लेकर डाली जा रही थी स्लेप
रामनगर, बाराबंकी, अमृत विचार। स्लेप डालने वाली मिक्सर मशीन का लिफ्ट चैनल बिजली के हाई टेंशन लाइन के तार से छू जाने के चलते करंट लगने से एक मजदूर की मौत हो गई तथा दो गंभीर रुप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर एक की हालत नाजुक होने के चलते उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
थाना क्षेत्र के ग्राम बिठौरा निवासी आशीष सिंह की मिक्सर मशीन ग्राम सीहामऊ में मंगलवार को मनोज धीमान के निर्माणाधीन मकान में छत डालने के लिए गई थी। छत डालने के बाद मजदूरों द्वारा मिक्सर मशीन में लगे चैनल निकालते वक्त छत के ऊपर से निकली हाई टेंशन विद्युत लाइन के तारों में छू जाने के चलते करंट से 40 वर्षीय मजदूर लच्छीराम पुत्र आशाराम 24 वर्षीय जितेंद्र पुत्र ब्रजेश निवासी बिठौरा व मिस्त्री विश्वनाथ पुत्र राम सजीवन करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
आनन फानन घायलों को सीएचसी रामनगर लाया गया। जहाँ पर डॉक्टरों ने लच्छीराम को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल जितेंद्र का प्राथमिक उपचार करने के बाद हालत नाजुक होने पर डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। तीसरे घायल विश्वनाथ मिस्त्री का इलाज प्राइवेट हॉस्पिटल में चल रहा है।
घटना की सूचना पर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी निरीक्षक रत्नेश पांडेय ने जांच करने के बाद आवश्यक लिखा पढ़ी कर मृतक के शव को पीएम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक परिवार में अकेला कमाने वाला था।
यह भी पढ़ें:-बड़ा खुलासा: जहां रोपे थे एक लाख पौधे अब वहीं हुई गड्डा खोदाई
