हल्द्वानी: भतीजी संग खरीदारी करने निकली वृद्धा के गले से चेन लूटी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। सोमवार की शाम भतीजी संग खरीदारी करने निकली 61 वर्षीय महिला को स्कूटी सवार लुटेरों ने अपना शिकार बना लिया। लुटेरे महिला के गले से चेन लूट कर फरार हो गए। पुलिस लुटेरों की तलाश में जुट गई है। 
 दीपा देवी पत्नी सोबन राम यहां मोतीनगर बरेली रोड में परिवार के साथ रहती हैं।

दीपा का बेटा टैंट कारोबारी है। बताया जाता है कि सोमवार की शाम वह अपनी भतीजी के साथ घर से करीब तीन सौ मीटर दूर गोरापड़ाव बाजार में सब्जी खरीदने गई थीं। वह वापस लौट रही थीं कि तभी आदर्श नर्सरी के पास हेलमेट लगाए स्कूटी सवारों ने उनके गले से चेन लूट ली और लालकुआं की ओर फरार हो गए।

घर पहुंचने पर दीपा ने बेटे को लूट की बात बताई। जिसके बाद सूचना डायल 112 पर दी गई। जानकारी पर हल्द्वानी कोतवाली की पीसीआर मौके पर पहुंची। जिसके बाद पता लगा कि घटना क्षेत्र लालकुआं कोतवाली है। कोतवाल उमेश मलिक का कहना है कि सूचना पर हल्द्वानी कोतवाली की पीसीआर मौके पर भेजी गई थी। घटना स्थल लालकुआं कोतवाली क्षेत्र का होने पर उन्हें सूचना दे दी गई थी। साथ ही पीड़ित को लालकुआं कोतावली जाकर तहरीर देने को कहा गया था।

संबंधित समाचार