परिषदीय विद्यालयों के कक्षा एक और दो के बच्चे पढ़ेंगे नई किताबें, सरकारी स्कूलों में लागू हुई एनसीईआरटी की पुस्तकें
अयोध्या, अमृत विचार। अब जनपद के परिषदीय सरकारी स्कूलों में कक्षा एक और दो में पढ़ने वाले बच्चे एनसीईआरटी की किताबें पढ़ेंगे। जिले के बेसिक शिक्षा विभाग ने क्रय आदेश जारी कर दिया है। जिले के स्कूलों में कक्षा एक और दो के पढ़ने वाले 20 हजार बच्चों के लिए किताबें खरीदी जायेगी। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई है। जुलाई में स्कूल खुलते ही किताबों के वितरण का दावा भी किया जा रहा है।
जिले के 1792 परिषदीय सरकारी स्कूलों में डेढ़ लाख बच्चे पढ़ते हैं। इनमें कक्षा एक और दो में 20 हजार से अधिक बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं। शासन ने कक्षा एक और दो के बच्चों के लिए सभी एनसीईआरटी की किताब पढ़ाने का निर्णय लिया है। इस संबंध में जिले के बेसिक शिक्षा विभाग को आदेश प्राप्त हुए हैं। जिसके बाद जनपद के बेसिक शिक्षा विभाग ने किताब खरीदने के लिए क्रय आदेश जारी कर दिए हैं। जल्द स्कूलों में पढ़ने वाले 14 हजार बच्चों के लिए किताबें खरीद ली जाएंगी। अवकाश के बाद स्कूल खुलने पर बच्चों को पुस्तकें मिल जाएंगी।
तीन से आठ तक के बच्चों की पुस्तकें पहले ही आ चुकीं हैं
जिले के परिषदीय सरकारी स्कूलों में कक्षा तीन से आठ तक के बच्चों की पुस्तकें पहले ही आ चुकी हैं। जिनका वितरण भी बच्चों को किया जा चुका है। अब कक्षा एक और दो के बच्चों की किताबों का क्रय आदेश जारी हो गया है। जल्द पुस्तकें आ जाएंगी।
वर्जन- कक्षा एक और दो के बच्चों को केवल एनसीईआरटी की पुस्तकें ही पढ़ाई जाएंगी। शासन से आदेश आने के बाद जिले में एनसीईआरटी की पुस्तकें मंगाने के लिए क्रय आदेश जारी किए हैं। जल्द सभी बच्चों को पुस्तकें मिल जाएंगी।
-संतोष कुमार राय, बेसिक शिक्षा अधिकारी
ये भी पढ़ें -संत कबीरनगर: कार में युवती से सामूहिक दुष्कर्म, प्रेमी ने दो दोस्तों के साथ दिया घटना को अंजाम
