एग्जिट पोल को लेकर कांग्रेस नेता पीएल पुनिया का बड़ा बयान, इस आंकड़े के साथ बनवा रहे इंडिया गठबंधन की सरकार
बाराबंकी, अमृत विचार। देश में इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी, 4 जून को सारे एग्जिट पोल झूठे साबित होंगे, इंडिया गठबंधन 295 प्लस सीटें जीत कर सरकार बनायेगा। 2024 का लोकसभा चुनाव जनता ने स्वयं लड़ा है। इंडिया गठबन्धन के नेताओं कार्यकर्ताओं की पल-पल पर निगाह है। भाजपा दबाव बनाने का काम करेगी, लेकिन मेरा मानना है कि प्रशासन दबाव में न आकर बिना भेदभाव के निष्पक्ष रूप से अपना काम करेगा।
यह बातें कांग्रेस पार्टी की केन्द्रीय चुनाव संचालन समिति के सदस्य पूर्व सांसद डॉ. पीएल पुनिया ने सोमवार को अपने ओबरी आवास पर मतगणना के पूर्व इंडिया गठबन्धन के नेताओं के साथ हुई प्रेस वार्ता में कहीं। पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुये पूर्व सांसद डॉ. पीएल पुनिया ने कहा कि जो भी एग्जिट पोल टीवी चैनलों पर दिखाये जा रहे हैं। वह सभी आधार हीन और भ्रामक हैं। भाजपा सरकार में देश का सामाजिक ताना-बाना छिन्न-भिन्न हुआ है और मौजूदा वक्त में देश में किसान, नौजवान, महिला आवाम विरोधी सरकार है।
जिसको हटाने के लिये जनता ने खुद चुनाव लड़कर वोट डाला है। हमारी निगाह हर जगह पर है। हमें पूरी उम्मीद है कि प्रशासन बिना भाजपा के दवाब में आये निष्पक्ष रूप से अपना काम करेगा। पत्रकारों के एक सवाल के जवाब में पूर्व सांसद डॉ. पुनिया ने कहा कि इंडिया गठबंधन की सरकार बनते ही संवैधानिक संस्थाओं की स्पष्टता बहाल की जाएगी और भाजपा की सरकार ने जो दस सालों में प्रजातन्त्र को हाइजैक करने का प्रयास किया है उसे बहाल किया जायेगा।
पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुये रामनगर के विधायक फरीद महफूज किदवई ने कहा कि देश मे दिखाये जा रहे एग्जिट पोल के नतीजे झूठे हैं। पूरी दुनिया के एग्जिट पोल देश में इंडिया गठबंधन की सरकार बना रहे हैं। विधायक सुरेश यादव ने कहा कि हमें हमारी जनता और अपनी मेहनत पर भरोसा है। इंडिया गठबंधन ने एक स्वच्छ छवि का उम्मीदवार दिया है। हम एैतिहासिक जीत दर्ज करने जा रहे हैं। विधायक गौरव रावत ने कहा कि बाराबंकी समाजवादियों का गढ़ है। इस लोकसभा चुनाव में लाखों लाख वोट से इण्डिया गठबन्घन के प्रत्यासी तनुज पुनिया जीत रहे हैं।
पूर्व सांसद रामसागर रावत व पूर्व विधायक मीता गौतम ने कहा कि संसदीय क्षेत्र बाराबंकी में इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी तनुज पुनिया बहुत ही मजबूत स्थित में हैं। विधानसभा क्षेत्र हैदरगढ़, कुर्सी बहुत ही मजबूत है। पांचों विधानसभा में इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी की भारी जीत होगी। नगर पालिका परिषद नवाबगंज के चेयरमैन प्रतिनिधि सुरेन्द्र सिंह वर्मा ने कहा कि संसदीय क्षेत्र बाराबंकी में इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी के पक्ष में आंधी चली है। जिसमें हमारे समाज ने बढ़चढ़ के भागीदारी निभाई है।
इंडिया गठबन्धन के कांग्रेस प्रत्याशी तनुज पुनिया ने सबका आभार व्यक्त करते हुये कहा कि सम्पूर्णं बाराबंकी संसदीय क्षेत्र में इंडिया गठबंध एकजुट होकर चुनाव लड़ा है और जिसका नतीजा आपके सामने हेागा कि संसदीय क्षेत्र बाराबंकी से ऐतिहासिक जीत होगी। प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से इंडिया गठबंधन के कांग्रेस प्रत्याशी तनुज पुनिया, पूर्व सांसद रामसागर रावत, विधायक फरीद महफूज किदवई, विधायक गौरव रावत, विधायक धर्मराज यादव उर्फ सुरेश यादव, पूर्व विधायक मीता गौतम, नगर पालिका परिषद नवाबगंज के चेयरमैन प्रतिनिधि सुरेन्द्र सिंह वर्मा, समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष मो. हाफिज अयाज, कांग्रेस अध्यक्ष मो. मोहसिन ल पार्टी प्रवक्ता सरजू शर्मा मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें -बलिया में आम तोड़ने को लेकर दबंगों ने किशोर को बेरहमी से पीटा, अस्पताल ले जाते समय हुई मौत
