पंतनगर: हिमालय पॉलिटेक कंपनी प्रबंधक व प्रोडक्शन इंजार्च पर केस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पंतनगर, अमृत विचार। लगभग डेढ़ माह पूर्व सिडकुल की कंपनी में ब्लेड बदलने के दौरान कर्मचारी के हाथ की उंगलियां कट गई थीं। मामले में पीड़ित के भाई की तहरीर पर पुलिस ने कंपनी प्रबंधक और प्रोडक्शन इंचार्ज के खिलाफ मशीनरी के संबंध में उपेक्षापूर्ण आचरण सहित जीवन सुरक्षा को खतरे में डालने की धाराओं में केस दर्ज किया है।

ग्राम हिमकरा नबावगंज बरेली (उत्तर प्रदेश) निवासी जितेंद्र कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका भाई देवीदास आजादनगर ट्रांजिट कैंप रुद्रपुर में रहकर सिडकुल की हिमालय पॉलिटेक कंपनी में पिछले 12 साल से सहायक ऑपरेटर के पद पर कार्य कर रहा था।

बीती 22 अप्रैल को करीब 12.45 बजे उसका भाई कंपनी में कार्य कर रहा था। तभी कंपनी प्रबंधक व प्रोडेक्शन इंचार्ज तिलक ने उसके भाई को मशीन का ब्लेड बदलने के लिए कहा। लेकिन उसके भाई ने जानकारी नहीं होने की बात कहकर मना कर दिया। इन लोगों ने उसे धमकाया और जबरदस्ती बिना किसी सुरक्षा उपकरण दिए मशीन का ब्लेड बदलने भेज दिया। ब्लेड बदलने के दौरान इन लोगों ने मशीन को चालू कर दिया।

जिससे उसके भाई के दोनों हाथों के पंजे ब्लेड से कट गए। जिसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। तीन मई को उसके भाई को अस्पताल से डिस्चार्ज करा दिया और कहा गया कि अब इलाज का कोई खर्च कंपनी नहीं देगी। जबकि उसके भाई की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। उसके भाई के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं, जिनके भरण पोषण का संकट उत्पन्न हो गया है।

संबंधित समाचार