काशीपुर: मारपीट के मामले में मुकदमा दर्ज न करने से नाराज ग्रामीणों ने दिया चौकी पर धरना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

काशीपुर, अमृत विचार। मारपीट के मामले में मुकदमा दर्ज नहीं करने पर फिरोजपुर के नाराज ग्रामीण प्रतापपुर चौकी के बाहर धरने पर बैठ गए। बड़ी संख्या में धरने पर बैठे ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए मुकदमा दर्ज नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि बीते पांच दिनों से पुलिस पीड़ित के परिजनों को टहलाकर वापस भेज रही है। तीन घंटे तक धरने के चलने के बाद पुलिस ने मामले में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की। जिसके बाद ग्रामीण शांत हुए।

बुधवार को प्रतापपुर चौकी के बाहर धरने पर बैठी फिरोजपुर निवासी संतरा देवी ने बताया कि उसके पुत्र अशोक कुमार की प्रतापपुर चौराहे पर कार वाशिंग की दुकान है। आरोप लगाया कि एक जून को अशोक एक वाहन की धुलाई के लिए पड़ोस के ही युवकों से वाहन की चाबी लेने गया था। चाबी देने के दौरान युवक ने उसके साथ गाली गलौज की। जिसका विरोध करने पर आरोपी युवकों ने उसके साथ जमकर मारपीट कर दी। जिसके बाद उसे काशीपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसका इलाज चल रहा है। कहा कि उसके पुत्र की हालत काफी गंभीर है। बावजूद इसके पुलिस आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने को तैयार नहीं है। उन्होंने पुलिस पर तहरीर में बार-बार बदलाव कराने का भी आरोप लगाया है।

कोतवाल आशुतोष सिंह ने बताया कि दो जून को पीड़ित के परिजनों ने फोन के माध्यम से तहरीर दी थी। जिसके बाद चौकी पर मौजूद पुलिस ने लिखित तहरीर देने को कहा था। बुधवार को लिखित तहरीर पुलिस को दे दी गई है। जिसके आधार पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की है। इस दौरान युवक के परिजनों के साथ, दर्जनों लोग एवं समाजसेवी गगन कांबोज, रवि पाल, जय सिंह गौतम, प्रियंका अग्रवाल आदि मौजूद रहे।

संबंधित समाचार