मेरठ: दुष्कर्म के आरोपी के जेल से बाहर आने पर मनाया जश्न...आतिशबाजी और फायरिंग, जानिए पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मेरठ। भावनपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में किशोरी से दुष्कर्म करने के आरोपी के जमानत पर जेल से बाहर आने पर जमकर जश्न मनाया गया। इस दौरान आरोपी के घर पहुंचने पर परिजनों ने आतिशबाजी और फायरिंग भी की। जब पीड़िता के परिवार ने इसका विरोध किया तो उनके साथ मारपीट की गई। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग आमने सामने आ गए और जमकर मारपीट हुई। 

इस दौरान युवक के गोली लगने की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। साथ ही दोनों पक्षों के 15 नामजद समेत 40 लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले का केस दर्ज कर आतिशबाजी और फायरिंग करने के आरोपियों को गिरफ्तार करने की कोशिश में जुट गई है। 

जानकारी के मुताबिक, भावनपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में बीती 4 मई को गांव के ही युवक ने दुकान से सामान लेकर लौट रही किशोरी को घर में खींचकर उसके साथ दुष्कर्म किया। जिसके बाद किशोरी ने घर पहुंचकर परिजनों को पूरी घटना बताई। वहीं पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी वसीयत के खिलाफ केस दर्ज करके उसे जेल जेल दिया था। वहीं जमानत मिलने के बाद बीती शनिवार रात को आरोपी जेल के बाहर आ गया। 

जब वह घर पहुंचा तो परिजन आतिशबाजी और फायरिंग करके जश्न मनाने लगे। जिसके बाद सभी जश्न मनाते हुए पीड़ित किशोरी के चाचा के घर के पास पहुंच गए। जहां खुशी मनाने का विरोध करने पर दोनों पक्षों में जमकर मारपीट शुरू हो गई। तभी अचानक पीड़िता के चचेरे भाई ने गोली लगने का शोर मचाकर पुलिस को सूचना दे दी। जिसके बाद थाना पुलिस के साथ ही सीओ सदर देहात नवीना शुक्ला मौके पर पहुंच गईं और  घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। 

वहीं पुलिस का कहना है कि घायल ने पेचकस खुद अपनी गर्दन के नीचे मारा और गोली लगने का शोर मचा दिया। लेकिन डॉक्टर ने पेचकस लगने की पुष्टि की है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों पर केस दर्ज करके उनकी गिरफ्तारी की कोशिश कर रही है।

ये भी पढे़ं- मेरठ: 'पकौड़ी गैंग' ने की थी बुजुर्ग महिला के घर लूट...दो बदमाश गिरफ्तार, बोले- पैसों की किल्लत थी

 

 

संबंधित समाचार