बरेली: जनसुनवाई में लापरवाही पर SSP की कार्रवाई, दो थाना प्रभारी लाइन हाजिर
बरेली, अमृत विचार। जनसुनवाई, जमीन विवाद में लापरवाही बरतने और अधीनस्थों पर प्रभावी नियंत्रण न करने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने आंवला और हाफिजगंज थाना प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया। उन्होंने भोजीपुरा थाना प्रभारी जगत सिंह को हाफिजगंज का थाना प्रभारी बनाया है। इसके अलावा निरीक्षक प्रवीण कुमार को पुलिस लाइन से प्रभारी निरीक्षक आंवला और साइबर सेल से दरोगा रामरतन को थाना प्रभारी भोजीपुरा बनाया है।
आंवला थाना क्षेत्र की लगातार शिकायतें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पहुंच रही थीं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जांच कराई तो पाया कि थाना प्रभारी वीरेश कुमार जनसमस्याओं के निस्तारण में लगातार ढिलाई बरत रहे हैं और जमीन संबंधी विवाद में चौकी प्रभारी समेत अधीनस्थों पर प्रभावी पर्यवेक्षण और नियंत्रण नहीं रख पा रहे हैं। इसके अलावा हाफिजगंज थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह भी जन सुनवाई डेस्क का सही से संचालन और अधिकारियों के आदेशों का पालन नहीं कर पा रहे थे। उनके क्षेत्र की अधिक शिकायतें पहुंच रही थीं। इसकी वजह से दोनों थाना प्रभारियों को लाइन हाजिर कर दिया गया।
कार्यभार संभालते ही दिए थे सख्त आदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने कार्यभार संभालते ही जिले के सभी 29 थानों में 72 घंटे में जनसुनवाई अधिकारी तैनात करने के आदेश दिए थे। उन्होंने कहा था कि थाने से कोई भी फरियादी वापस लौटता है या फिर जिस थाना क्षेत्र से पुलिस अधिकारियों के पास ज्यादा शिकायतें आएंगी तो उस थाना प्रभारी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जनसुनवाई अधिकारी के पद पर इंस्पेक्टर या दरोगा के साथ एक महिला और एक पुरुष सिपाही तैनात करने के आदेश दिया था।
हर थाने के टॉप टेन अपराधियों की सूची तैयार करने के भी आदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने थानों पर अपराधियों की टॉप टेन सूची तैयार करने का आदेश दिया था। वह थानों पर औचक निरीक्षण कर रहे हैं। जिस भी थाना प्रभारी की तरफ से उनके आदेशों का पालन नहीं किया जा रहा है। उस पर कार्रवाई की रिपोर्ट तैयार की जा रही है। उन्होंने माफिया के लिए एक अलग सेल भी बना दी है, जो अपराधियों के जेल से निकलने के बाद भी निगरानी करेगी।
फरियादियों की सुनवाई न करने, जमीन विवाद में लगातार लापरवाही और अधीनस्थों पर प्रभावी नियंत्रण न रख पाने पर आंवला और हाफिजगंज थाना प्रभारी को लाइन हाजिर किया गया है। किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। -अनुराग आर्य, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक
