रुद्रपुर: 16 दिन बाद भी हमजा का नहीं मिला सुराग, चार टीमें ढूंढ रहीं

Amrit Vichar Network
Published By Bhupesh Kanaujia
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। दो जुलाई की शाम से लापता 13 वर्षीय हमजा बेग का आखिरकार पुलिस की चार टीमें भी कोई सुराग नहीं लगा पाई हैं। यूपी-नैनीताल की खाक छानने के बाद 16वें दिन भी पुलिस हमजा के गायब होने का राज नहीं जान पाई है।

दो जुलाई को आदर्श कॉलोनी निवासी 13 वर्षीय हमजा बेग घर से नाराज होकर शाम साढ़े छह बजे चला गया था और अपना मोबाइल भी बंद कर दिया। तीन जुलाई को तहरीर सौंपने के बाद प्रारंभिक जांच में पता चला कि साढ़े सात बजे के करीब हमजा रेलवे स्टेशन पर देखा गया है।

उसके बाद से ही हमजा का 16वें दिन भी कोई सुराग नहीं लगा। मामले को गंभीरता से लेते हुए सीओ सदर निहारिका तोमर के आदेश पर पुलिस की चार टीमों का गठन किया गया। लापता होने के नौवें दिन ही पुलिस की टीम रामपुर, मुरादाबाद और नैनीताल के लिए रवाना हो गई।

पुलिस ने रेलवे स्टेशन, बस अड्डे के अलावा हर उस संभावित स्थानों के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जहां किशोर हमजा जा सकता है। बावजूद पुलिस को अभी तक हमजा का कोई भी सुराग हाथ नहीं लगा है। सीओ निहारिका तोमर ने बताया कि हमजा की सरगर्मी से खोजबीन की जा रही है। इसके अलावा भूरारानी गांव से गायब एक किशोरी व किशोर को पुलिस ने दो दिन बाद ही बरामद कर लिया था, लेकिन हमजा का कोई सुराग नहीं लगा। बावजूद पुलिस किशोर को जल्द बरामद करेगी।

संबंधित समाचार