रुद्रपुर: हत्या को आत्महत्या बनाने की अरविंद ने की थी कोशिश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मनोज आर्या, रुद्रपुर, अमृत विचार। कहावत है कि अपराधी कितना भी शातिर क्यों न हो वारदात के दौरान कोई न कोई गलती कर ही डालता है। यही चूक हत्याकांड को अंजाम देने की कोशिश करने वाले मुख्य आरोपी अरविंद से हुई। मुख्य आरोपी यह भूल गया कि आत्महत्या करने वाला कभी भी नाभि से ऊपर गोली नहीं मारता और कभी भी आत्महत्या करने वाला व्यक्ति खुद को दो गोली मार कर मारने की कोशिश करता है। जबकि मुख्य आरोपी ने हत्या को आत्महत्या दर्शाने की हरसंभव कोशिश की थी।

थाना प्रभारी भारत सिंह ने बताया कि प्रारंभिक पड़ताल में यही लग रहा था कि शायद विशाल ने आत्महत्या करने के लिए खुद को ही गोली मारी होगी, लेकिन जब चिकित्सा रिपोर्ट सामने आई तो मालूम हुआ कि दो गोली नाभि के ऊपरी हिस्से में लगी है। वहीं जानकारों का मानना है कि खुद को गोली मारने वाला कभी भी पेट पर गोली नहीं मारता और दो गोली मारकर खुदकुशी नहीं कर सकता है। वहीं जब पुलिस ने गुत्थी सुलझाने के लिए लोकल स्तर पर पड़ताल शुरू की तो पाया कि साजिशकर्ता अरविंद को कुछ माह पहले ही अपनी साली व विशाल की दोस्ती की भनक लगी थी।

उस वक्त अरविंद ने विशाल की हत्या किए जाने की योजना बनानी शुरू कर दी, लेकिन वारदात के दौरान मुख्य आरोपी की जरा सी नादानी ने तीनों आरोपियों को सलाखों के पीछे धकेल दिया और हत्या को आत्महत्या में तब्दील करने के मंसूबों पर पानी फेर दिया।

एक ने छिपाए साक्ष्य, दूसरे ने लाकर दी पिस्टल

थाना ट्रांजिट कैंप में हुए अनसुलझे गोलीकांड को सुलझाते हुए पुलिस ने गोली कांड के मुख्य आरोपी सहित उसके दो दोस्तों को भी गिरफ्तार किया है। जिन पर आरोप थे कि जिस वक्त अरविंद ने विशाल पर गोलियां दागी उस वक्त प्रकाश सागर मौके पर ही मौजूद था। गोलीकांड के बाद पिस्टल छिपाकर उसकी मदद की, जबकि तीसरे आरोपी गौरव कश्यप ने यूपी से कंट्री मेड पिस्टल मुहैया कराई। तीनों ने मिलकर कुछ दिन पहले ही विशाल को रास्ते से हटाने की योजना बना डाली थी और 20 जुलाई की रात्रि वारदात को अंजाम देने की तारीख मुकर्रर हुई।

क्या कमरे में थी विशाल की दोस्त

 जिस प्रकार घायल के पिता प्रताप पाल ने तहरीर में लिखा था कि उसके बेटे को अरविंद नाम का युवक धोखे से अपने घर बुलाकर ले गया था। उस वक्त वहां पर एक छोटा बच्चा व एक महिला मौजूद थी और थोड़ी देर बाद ही बेटा लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। अब चर्चा यह है कि क्या आरोपी अरविंद ने गोलीकांड की घटना को अंजाम अपनी साली के सामने दिया होगा। मुख्य आरोपी साली के सामने ही दोस्ती का बदला लेना चाहता था। जिसको लेकर पुलिस जांच कर सकती है। 

संबंधित समाचार