Kanpur News: मैडम, खाना घटिया मिलता, पानी में निकलते कीड़े...सीडीओ को निरीक्षण में राजकीय आश्रम विद्यालय छात्रों ने बताई समस्याएं
बिजली संकट पर विद्यालय के गुस्साए छात्रों ने हंगामा कर की थी तोड़फोड़
कानपुर, अमृत विचार। कल्याणपुर-बिठूर रोड पर संचालित राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय का बुधवार को निरीक्षण करने पहुंची सीडीओ दीक्षा जैन को छात्रों ने घेरकर अपनी समस्याएं बताईं।
छात्रों ने आरोप लगाया कि छात्रावास में खाने की गुणवत्ता ठीक नहीं है। खराब खाना परोसा जाता है। पानी में कीड़े आते हैं। कई कमरों में पंखे नहीं लगे हैं। बिजली व्यवस्था बेहद खराब है। भीषण गर्मी में उमस से बुरा हाल रहता है। नाराज छात्रों को सीडीओ ने सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने का आश्वासन देकर शांत कराया।
दयानंद विहार सबस्टेशन में मंगलवार को फाल्ट के बाद 12 घंटे तक बिजली गायब रहने से भीषण गर्मी और उमस के कारण राजकीय आश्रम विद्यालय के 6 छात्रों की तबियत बिगड़ गई थी। इससे गुस्साए छात्रों ने बिठूर रोड पर जाम लगाकर हंगामा और नारेबाजी की थी। छात्रावास में खिड़की व दरवाजों के शीशे तोड़ दिए थे।
कार्यालय में सामान अस्त-व्यस्त करने के साथ पंखे टेढ़े कर दिए थे। हंगामे की सूचना पाकर रात में ही जिला विकास अधिकारी गजेंद्र प्रताप सिंह और जिला समाज कल्याण अधिकारी शिल्पी सिंह ने विद्यालय पहुंचकर छात्रों का गुस्सा शांत कराया था।
इस घटना के बाद बुधवार को सीडीओ विद्यालय का निरीक्षण करने पहुंची तो उन्हें भी छात्रों की नाराजगी का सामना करना पड़ा। सीडीओ को विद्यालय और छात्रावास के निरीक्षण में कई कमरों की खिड़कियों के शीशे टूटे मिले।
कमरों में कुर्सी-मेज अस्त-व्यस्त हालत में पड़ी थीं।
सीडीओ ने सहायक अभियंता यूपी सिडको आशीष को निर्देश दिए कि विद्यालय व छात्रावास में दरवाजों, खिड़कियों के शीशे, पंखे, एग्जास्ट आदि का प्रस्ताव तैयार कराकर तीन दिन में समाज कल्याण निदेशालय को भेजें। छात्रों के भोजन की गुणवत्ता समिति रोज चेक करेगी और आख्या पंजिका पर अंकित करेगी।
प्रधानाचार्य व अधीक्षिका से कहा कि छात्रों से संपर्क रखकर समस्याओं का समाधान कराएं। विद्यालय व छात्रावास परिसर में फॉगिंग कराई जाए। सीडीओ ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि विद्यालय में जो पंखे बंद हैं, उन्हें अनुरक्षण मद से तुरंत चालू कराया जाए और कक्षाओं में प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था की जाए।
