बाराबंकी: भारत माता की जयघोष के साथ जिलेभर में निकली तिरंगा यात्रा
बच्चों ने दिया देशभक्ति का संदेश, हर घर तिरंगा फहराने की अपील
बाराबंकी, अमृत विचार। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत मंगलवार को शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में धूमधाम से तिरंगा यात्रा निकाली गईं। हाथ में तिरंगा लेकर निकले स्कूली बच्चों के हिंदुस्तान जिंदाबाद और भारत माता की जय के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। इस दौरान बच्चों ने लोगों से हर घर तिरंगा फहराने की अपील की। साथ ही आमजन को राष्ट्र के प्रति उनके दायित्व और राष्ट्र प्रेम का संदेश दिया।
हर घर तिरंगा अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने स्कूली बच्चों के साथ थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में तिरंगा मार्च किया। सबसे पहले अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना कोतवाली नगर में बच्चों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व एवं स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान के बारे में विस्तृत जानकारी दी और देश सेवा के प्रति उत्साहवर्धन किया। उसके बाद स्कूली बच्चों के साथ तिरंगा यात्रा निकाली। जिसमें छोटे से लेकर बड़े सभी ने भारत माता की जय और वंदे मातरम का उद्घोष किया।

इस दौरान बच्चों ने लोगों से हर घर तिरंगा फहराने की अपील की। इस मौके पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर अजय कुमार त्रिपाठी व अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज देवा में भी प्रधानाचार्य व नोडल अधिकारी डॉ. सुविद्या वत्स की अगुवाई में हर घर तिरंगा कार्यक्रम के अंतर्गत रैली निकाली गई। इस दौरान बच्चों ने भारत माता के जयकारे लगाए और आजादी की लड़ाई में शहीद होने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन किया। इस मौके पर कुमारी सुनीता वर्मा, अनामिका वर्मा, रचना सान्याल, कंचन दुबे, ललिता, विनीता और सरोज आदि प्रवक्ता सहित सभी शिक्षिकाएं और 397 छात्राएं उपस्थित रहीं।
विकास खंड बंकी के उच्च प्राथमिक विद्यालय माती के शिक्षक, शिक्षिकाओं और छात्रों द्वारा गांव में तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में बच्चों ने आमजन को हर घर तिरंगा फहराने व राष्ट्र के प्रति प्रेम और समर्पण का संदेश दिया। यात्रा में विद्यालय की इंचार्ज प्रधानाध्यापिका किरण विश्वकर्मा, शिक्षक पवन कुमार वर्मा, शिक्षिका संगीता विश्वकर्मा, पूनम गुप्ता और किरण भारती के साथ गांव के तमाम लोग शामिल रहे। वहीं फतेहपुर कस्बे के श्री शक्तिधाम महादेव तालाब मंदिर परिसर में सैकड़ों बाइक सवार एकत्रित हुए और हाथो में तिरंगा लहराते हुए भारत माता का जयघोष करते तिरंगा यात्रा निकाली।

इस दौरान विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा ने यात्रा को रवाना किया। यात्रा तहसील चौराहा, ब्लाक चौराहा, सट्टी बाजार, बेलहरा चौराहा, पटेल चौराहा होते हुए गुजरी। यात्रा में युवाओं के जय घोष से वातावरण गूंज उठा। इस मौके पर जिला महामंत्री शील रत्न मिहिर, बाबा हेमन्त दास, दिनेश चंद्र पांडेय, अंशुमान मिश्र, सरोज वर्मा, पिंटू सिंह, राजेंद्र सिंह, विजय मौर्या, सुधांशु मिश्रा, विजय गुप्ता और वीरेश कुमार सहित सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद रहे।
इसके अलावा रामनगर में भी नि. विधायक शरद अवस्थी और ब्लॉक प्रमुख संजय तिवारी की अगुवाई में तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसके साथ ही जिले के मसौली, निंदूरा, घुंघटेर, कुर्सी, दरियाबाद, टिकैतनगर, रामसनेहीघाट, हरख, सतरिख, सिद्धौर, हैदरगढ़ और सुबेहा समेत तमाम जगहों पर सरकारी व गैर सरकारी स्कूलों के बच्चों और सामाजिक संगठनों ने पूरे जोश के साथ तिरंगा यात्रा निकाली। बच्चों ने विजयी विश्व तिरंगा प्यारा, झंडा ऊंचा रहे हमारा तथा माटी गीत गाकर लोगों को देशभक्ति से सराबोर कर दिया। इसके अलावा स्काउट गाइड के बच्चों ने भी लोगों को स्वतंत्रता सेनानियों के बारे में बताया।

भाजयुमो ने निकाली तिरंगा यात्रा
विधान सभा जैदपुर में हर घर तिरंगा अभियान के तहत भाजयुमो द्वारा तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा में दर्जनों बाइकों पर सैकड़ों भाजपा नेता हाथों में तिरंगा लहराते दिखाई दिये। जिसमें नि. सांसद उपेंद्र सिंह रावत, भाजपा जिला अध्यक्ष अरविंद मौर्य, प्रदेश महामंत्री भाजयुमो हर्षवर्धन सिंह, ब्लॉक प्रमुख आरती रावत, जिला उपाध्यक्ष सुशील जायसवाल, जिलाध्यक्ष किसान मोर्चा आशुतोष अवस्थी, जिलाध्यक्ष भाजयुमो रोहित सिंह, प्रधान संघ अध्यक्ष सत्यनाम वर्मा, चेयरमैन प्रतिनिधि लल्लू रावत, मंडल अध्यक्ष प्रवीन सिंह और संजय अवस्थी समेत तमाम भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
तिरंगा बाइक रैली का राज्यमंत्री करेंगे शुभारंभ
रामसनेहीघाट, बाराबंकी। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत देवीगंज चौराहा से शहीद स्मारक नगर पंचायत दरियाबाद तक विशाल तिरंगा बाइक रैली का आयोजन किया जाएगा। जिसका शुभारंभ 14 अगस्त को सुबह 11 बजे नि. सांसद लल्लू सिंह और राज्य मंत्री सतीश शर्मा करेंगे। इसी के साथ हर वर्ष की तरह राष्ट्र सेवा संकल्प द्वारा स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर कल्याणी नदी तट पर दीपदान कार्यक्रम में होगा। जिसकी जानकारी कार्यक्रम के अध्यक्ष इन्द्र प्रताप सिंह ने दी।
ये भी पढ़ें- आत्मनिर्भर बनेंगी समूह की महिलाएं, तैयार कर रहीं 1.87 लाख तिरंगा झंडा, पंचायती राज विभाग ने दिया आर्डर
