लखीमपुर खीरी: तीसरे दिन मिला महिला का शव, रक्षाबंधन पर शारदा नहर में लगाई थी छलांग
घटना के तीसरे दिन हरदोई जिले में नहर पर तैरता मिला शव
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। पसगवां थाना क्षेत्र में रक्षाबंधन पर्व पर मायके आई विवाहिता ने शारदा नहर में छलांग लगा दी थी, जिसका शव तीसरे दिन हरदोई जिले में नहर से बरामद हुआ है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिवार वालों को सौंप दिया।
मैगलगंज कोतवाली के गांव जमुनिया कढ़िले निवासी रोली (21) रक्षाबंधन के पर्व पर पति मोहित के साथ अपने मायके गांव अजबापुर आई थी। सोमवार को भाइयों को राखी बांधकर रक्षाबंधन का पर्व निभाया। मंगलवार की सुबह वह बिना कुछ बताए अचानक घर से निकल गयी। इसके बाद वह अजबापुर मिल के करीब ई-रिक्शा से लखनऊ दिल्ली नेशनल हाईवे पर स्थित उदयपुर के निकट शारदा नहर पुल पर पहुंची और पुल की रेलिंग के किनारे चप्पल निकाल कर शारदा नहर में छलांग लगा दी। पुलिस ने गोताखोर लगाए, लेकिन दूसरे दिन तक सफलता नहीं मिली। गुरुवार को हरदोई जिले की कोतवाली पिहानी अंतर्गत ग्राम दत्यौनापुर में नहर पुल के पास उतराती हुई मिली। थाना प्रभारी दीपक राठौर ने बताया कि कोतवाली पुलिस विवाहिता के शव को पोस्टमार्टम करायेगी।
