पीलीभीत: पुलिस ने लिया था हिरासत में, अब रेलवे स्टेशन पर फंदे से लटकता मिला युवक का शव

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

गांव के ही लोगों से विवाद के बाद पुलिस ने पकड़ा था, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

बीसलपुर, अमृत विचार। पुलिस झगड़े में जिस युवक को पकड़कर ले गई उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दो दिन बाद उसका शव शेरगंज रेलवे स्टेशन पर यात्री शेड के एंगल में फंदे से लटका मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे परिवार वालों ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर, परिजन हत्या करने का आरोप लगा रहे हैं।

बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जोगीठेर के रहने वाले श्रीकृष्ण का पुत्र सुनील कुमार (22) मजदूरी करता था। रविवार को उसका गांव के ही कुछ लोगों से विवाद हो गया था। जिसमें दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई। इसकी सूचना मिलने पर यूपी 112 पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी की। पुलिस ने सुनील कुमार और दूसरे पक्ष से विपिन कुमार को हिरासत में ले लिया था। पुलिस के अनुसार दोनों का शांतिभंग की आशंका में चालान किया गया और उनकी जमानत हो गई थी। मगर, इसके बाद भी सुनील कुमार अपने घर नहीं पहुंचा।  बुधवार सुबह सुनील का शव शेरगंज रेलवे स्टेशन पर स्थित यात्री शेड की छत में लगे एंगल में रस्सी के फंदे पर लटका मिला। ग्रामीणों की नजर फंदे से लटके शव पर पड़ी तो खलबली मच गई। कुछ ही देर में भीड़ जमा हो गई। परिवार वाले भी जानकारी मिलने पर मौके पर आ गए। कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौका मुआयना कर जानकारी की। फारेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाकर सुरागरसी की गई। जिसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है।

संबंधित समाचार