हल्द्वानी: बल्यूटी के जंगल में मिला तेंदुए का शव

Amrit Vichar Network
Published By Bhupesh Kanaujia
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। रामनगर वन डिवीजन के अंतर्गत बल्यूटी के जंगलों में तेंदुए का शव बरामद हुआ है। आशंका है कि बाघ या तेंदुए के साथ आपसी संघर्ष में इसकी मौत हुई होगी। हालांकि इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी।

रामनगर वन डिवीजन की फतेहपुर रेंज के अंतर्गत वन टीम ने रविवार को गश्त के दौरान बल्यूटी के कक्ष संख्या-5 में एक तेंदुए का शव पड़ा देखा। टीम ने इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दी। वन टीम की सूचना पर उच्चाधिकारी व पशु चिकित्सक मौके पर पहुंचे।

अधिकारियों के मुताबिक, शव नर तेंदुए का था, उसकी आयु लगभग पांच-छह वर्ष की होगी। तेंदुए की गर्दन व ऊपरी हिस्से पर जख्म व चोट के निशान थे। आशंका जताई जा रही है कि तेंदुए का किसी बाघ या तेंदुए से ही संघर्ष हुआ होगा। जिसमें उसकी मौत हो गई। फिलहाल वन टीम ने शव का पोस्टमार्टम कराया और बाद में एनटीसीए की गाइड लाइन के अनुसार उसका अंतिम संस्कार कर दिया।

फतेहपुर रेंजर केआर आर्य ने बताया कि बल्यूटी के जंगल में पांच-छह वर्षीय पर तेंदुए का शव मिला था, प्रथमदृष्टया आपसी संघर्ष में उसकी जान जाने की आशंका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद उसकी मौत के सटीक कारणों का पता चलेगा। पोस्टमार्टम के बाद तेंदुए का अंतिम संस्कार कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें -रुद्रपुर: यूथ कांग्रेस नेता के भतीजों पर लगा धमकाने का आरोप