देहरादून: भारत भ्रमण पर निकले उत्तराखंड के टॉपर्स देश भर में बताएंगे प्रदेश की खासियत

मुख्यमंत्री ने हाईस्कूल के 157 टॉपर्स भारत दर्शन शैक्षिक यात्रा पर रवाना किए

देहरादून: भारत भ्रमण पर निकले उत्तराखंड के टॉपर्स देश भर में बताएंगे प्रदेश की खासियत

देहरादून, अमृत विचार। अभिनव प्रयोगों में उत्तराखंड अग्रणी बन रहा है। इस बार भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण यात्रा है जिसमें पहली बार किसी राज्य सरकार ने इस यात्रा के लिए ब्लॉक स्तर के हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के टॉपर्स दो-दो विद्यार्थियों को चुनकर उन्हें प्रदेश का ब्रांड एम्बेसडर बनाया है। 

सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पहले चरण में हाईस्कूल के 157 टॉपर्स को हिमाचल, पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा, दिल्ली के ऐतिहासिक स्थलों के भ्रमण के लिए रवाना किया। शिक्षा निदेशालय में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ये मेधावी भ्रमण के दौरान देशवासियों को उत्तराखंड की विशिष्टताओं से परिचित कराएंगे। ये भ्रमण राज्य की शिक्षा व्यवस्था में नया अध्याय जोड़ेगा। छात्र-छात्राएं इस दौरान जहां भी जाएंगे, वहां उत्तराखंड के ब्रांड एम्बेसडर के तौर पर खुद को पेश करें, इसलिए सभी विद्यार्थी उत्तराखंड की पवित्र नदियों, देवस्थानों, मौसम, पयर्टन स्थलों के बारे में जानकारी रखें। शीतकाल के लिए चारधामों के कपाट बंद होने के बाद अब शीतकालीन प्रवास स्थल पर भगवान के दर्शन हो सकते हैं, इसके लिए सरकार शीतकालीन यात्रा प्रारंभ कर चुकी है। दल में शामिल विद्यार्थी इस बात की जानकारी दे सकते हैं कि शीतकालीन गद्दी पर भी लोग दर्शन कर पुण्य प्राप्त कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम छात्र-छात्राओं की सोच और व्यक्तिव विकास को नया आयाम देगा। 

529

देश के लिए बेस्ट प्रैक्टिस
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड आज ऐसे निर्णय ले रहा है जो पूरे देश के लिए बेस्ट प्रैक्टिस साबित हो रहे हैं। खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन निर्णयों का उल्लेख कर राज्य सरकार को प्रोत्साहित करते हुए इसे उत्तराखंड में विकास का महायज्ञ करार दिया है। इसी क्रम में अब राज्य सरकार बोर्ड परीक्षा के मेधावी छात्र-छात्राओं को देश के विभिन्न राज्यों के ऐतिहासिक,शैक्षिक महत्व वाले स्थलों के भ्रमण पर भेज रही है।

ये भी पढ़ें - पिथौरागढ़: जनजातीय महिला के साथ कथित गैंगरेप के मामले में पुलिस ने शुरू की जांच