बाराबंकी: जयमाला पहनाकर एक दूजे के हुए सुखराम व फूलमती, जानें कैसे हुआ दोनों की मिलन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी,अमृत विचार। तन पर सफेद साड़ी आते ही समाज के रिश्ते-नातों और दुनिया के रंगों से अलग कर दी गई विधवा महिलाएं दोबारा विवाह बंधन में बधने का सपना भी रखती हैं। लेकिन कुछ सामाजिक अड़चनों के चलते अपना मन मसोस कर रह जाती हैं। कमोवेश यही हालत उन पुरुषों का भी होता है, जिनकी उम्र ज्यादा होने के चलते शादी नहीं हो पाती।

लेकिन मजबूरी समझकर जब कोई दोनों का मिलन करा दे, तो इनका जीवन संवर भी जाता है। ऐसी ही खूबसूरत मिसाल जिले में डॉ. भीमराव अंबेडकर मेमोरियल सेवा समिति व पार्क-स्मारक अनुरक्षण समिति के कार्यकर्ताओं ने पेश की है। जिन्होंने एकाकी जीवन व्यतीत कर रही एक विधवा महिला और अधेड़ अविवाहित व्यक्ति का विवाह कराकर दोनों को एक दूसरे का मजबूत सराहा दिला दिया। 

जिले में विकासखंड मसौली के ग्राम गौरा का पुरवा मजरे नियामतपुर निवासी अविवाहित सुखराम पुत्र कालीदीन (48 वर्ष) बड़ेल चौराहा स्थित एक आवासीय विद्यालय में कर्मचारी हैं। वहीं सिरौलीगौसपुर विकासखंड के ग्राम गहरेला निवासी फूलमती पुत्री ओरीलाल (43 वर्ष) के पति का कई वर्ष पहले निधन हो गया था। उनके कोई संतान नही थी। दोनों काफी लंबे समय से एकाकी जीवन व्यतीत कर रहे थे और दोनों का आगे पीछे कोई सहारा नहीं था। 

cats

ऐसे में समिति के लोगों ने इनका दर्द समझा और दोनों के परिवारों से बात करके शादी के लिये राजी किया। समिति के उपाध्यक्ष अमरेश बहादुर और पदाधिकारी सहदेव प्रसाद की मध्यस्थता से इन दोनों लोगों का विवाह के लिए सम्बन्ध जोड़ा गया। उसके बाद परिजनों व रिश्तेदारों की उपस्थिति में अम्बेडकर चौराहा स्थित डॉ भीमराव अंबेडकर व तथागत बुद्ध जी को साक्षी मानकर दोनों एक दूसरे को जयमाला पहनाकर दाम्पत्य जीवन मे बन्ध गए।

इस मौके पर समिति के अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने नवदम्पति को आशीर्वाद दिया और अंगवस्त्र भेंटकर उन्हें बधाई दी। साथ ही आगामी जीवन की मंगलकामनाएं कीं। समिति के महासचिव राम औतार, सचिव मंशाराम कनौजिया, कोषाध्यक्ष जेएल भास्कर, उपाध्यक्ष अमरेश बहादुर, देव कुमार गुप्ता, उप सचिव विनोद कुमार, पदाधिकारी सियाराम वर्मा, रामदयाल, दिनेशचंद्र रावत, सहदेव प्रसाद, रमेश चौधरी,  कमलेश कुमार, शिक्षक राम आसरे बौद्ध, विनोबा आवासीय विद्यालय के प्रधानाचार्य रामनाथ वर्मा सहित कई लोगों ने उपस्थित होकर नवदम्पति को शुभकामनाएं दीं।

ये भी पढ़ें- दिल्ली को PM मोदी की सौगात, 12200 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का करेंगे शिलान्यास और उद्घाटन

संबंधित समाचार