संभल : अपहृत किशोर ट्रेन से उतर भागा, पहुंचा गांव
बेहोश कर किशोर के अपहरण का किया प्रयास
चन्दौसी, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के घटलेश्वर गेट से गुरुवार की अपराह्न 14 वर्षीय किशोर का दो युवकों ने अपहरण कर लिया। अपहरणकर्ता किशोर को बेहोश कर अलीगढ़-बरेली पैसेंजर से ले जा रहे थे। इस बीच किशोर को होश आ गया। ट्रेन जब करेंगी रेलवे स्टेशन पर रुकी तो किशोर ने दौड़ लगा दी और रेलवे स्टेशन से एक किलोमीटर की दूरी पर अपने गांव महमूदपुर पहुंच गया। किशोर के शोर मचाने पर आरोपी भी फरार हो गए। घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी गई है।
घटलेश्वर गेट निवासी मानव गुप्ता दिल्ली में रेस्तरां चलाते हैं। यहां घर पर उनकी पत्नी पारुल गुप्ता व दो पुत्र मीत गुप्ता, अनन्त गुप्ता रहते हैं। मीत चन्दौसी पब्लिक स्कूल में कक्षा 7 का छात्र है, जबकि अनंत कक्षा 6 का छात्र है। गुरुवार की अपराह्न मीत घर से भोजन करके खेलने के लिए निकला। जब किशोर विनोवा भावे कम्पोजिट विद्यालय पर पहुंचा, तभी उसका दो युवकों ने अपहरण कर लिया और नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया। दोनों युवक किशोर को चन्दौसी से अलीगढ़ -बरेली पैसेंजर ट्रेन में लेकर जाने लगे। दफ्तोरी रेलवे स्टेशन पर किशोर को होश आ गया। मगर वह लेटा रहा। जैसे ही करेंगी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रुकी, तो किशोर उठा और ट्रेन से उतर अपने गांव महमूदपुर थाना आंवला जनपद बरेली की ओर दौड़ने लगा। दोनों आरोपी भी किशोर की तरफ दौड़े, मगर ग्रामीणों के शोर मचाने पर आरोपी फरार हो गए। गुरुवार की शाम 6 बजे अपने घर पहुंचा और ताऊ प्रदीप गुप्ता से लिपट रोने लगा। किशोर पूरी घटना अपने ताऊ को बताई। प्रदीप गुप्ता ने घटना से अपने छोटे भाई मानव गुप्ता को अवगत कराया। इसके बाद मानव दिल्ली से शुक्रवार की सुबह अपने घर पहुंचा और मीडिया को घटना से अवगत कराया। मानव दोपहर को अपने पुत्र को लेने के लिए अपने पुस्तैनी गांव महमूदपुर के लिए चले गए। घटना की सूचना परिजनों की ओर से पुलिस को नहीं दी गई है।
11 जनवरी से घर से लापता है किशोर
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रुस्तगी से 11 जनवरी को 14 वर्षीय किशोर लापता हो गया। पिता की ओर से कोतवाली में तहरीर दी गई है। जबकि मोहल्ला रुस्तगी से घटलेश्वर गेट की दूरी 200 मीटर है। गुरुवार को घटलेश्वर गेट से भी एक किशोर का अपहरण किया गया था। जबकि छात्र ट्रेन से कूद कर अपने गांव जा पहुंचा। मोहल्ला रस्तोगी निवासी मुकेश पुत्र रमेश चंद्र ने कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज करने को तहरीर दी है। जिसमें कहा है कि उसका 14 वर्षीय पुत्र 11 जनवरी की सुबह 11 बजे घर से गायब हो गया।
