एसटीएफ ने दून से दबोचा सेना का फर्जी अधिकारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

देहरादून, अमृत विचार: स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने राजधानी के पटेल नगर क्षेत्र से सेना के फर्जी अधिकारी सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) निवासी प्रमोद कुमार उर्फ वासू पुत्र अनिल कुमार को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से सेना का फर्जी आईकार्ड, आर्मी की वर्दी व मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।
एसएसपी एसटीएफ नवनीत सिंह भुल्लर ने मंगलवार को बताया कि आर्मी इन्टेलीजेन्स (एमआई) ने सूचना दी थी कि थाना पटेलनगर क्षेत्र में एक व्यक्ति अपने आपको आर्मी अफसर बताकर नवयुवकों को सेना में भर्ती कराने के नाम पर ठगी कर रहा है। एसटीएफ के इंस्पेक्टर अबुल कलाम ने छानबीन शुरू की तो कई चौकाने वाली जानकारी सामने आईं।

एसएसपी के अनुसार, नवयुवकों को जाल में फंसाने के लिए आरोपी प्रमोद अपने आपको आर्मी अफसर बताकर कहता था कि सेना में मेरी अच्छी जान पहचान है, जहां ट्रेडमैन के पद निकलते ही रहते हैं, जिन पर वह नौकरी लगवा सकता है। उसने प्रत्येक युवक से 3-3.50 लाख रुपए लिए। वह इन युवकों से मिलिट्री हास्पिटल में आर्मी की वर्दी पहने हुए भी मिला था जिस कारण युवक झांसे में आ गए थे कि वह आर्मी अफसर ही है। 

मेरिट लिस्ट में भी सेंधमारी
पटेल नगर निवासी परवेज ने बताया कि उसे तो सेना में चालक पद पर भर्ती करने का एडमिट कार्ड तक मिल गया था। उसे मेरिट लिस्ट दिखाकर चयन होना बताया था। वह जब मिलिट्री हास्पिटल पहुंचा तो पता चला कि मेरिट लिस्ट फर्जी है, जिसमें उसका नाम एडिट किया गया था।

संबंधित समाचार