पीलीभीत: दुल्हन को फुसलाकर ले गया युवक, अब ठग के जाल में फंसने से बचा पीड़ित भाई, फर्जी एसपी ने मांगे रुपये

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

बरखेड़ा, अमृत विचार: शादी से चंद घंटे पहले दुल्हन को बहला फुसलाकर ले जाने के मामले में लड़की के भाई की तरफ से रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस युवती के बयान कराने की कार्रवाई कर रही है। इसी बीच मुकदमा दर्ज कराने वाले लड़की के भाई से साइबर ठग ने 11 हजार रुपये ऐंठने की कोशिश कर डाली। खुद को एसपी बताकर लड़की को इलाहाबाद भेजे जाने की जानकारी दी और परिवार को सुपुर्दगी दिलाने की बात कहते हुए रकम मांगी गई। हालांकि थाने पहुंचने पर दरोगा ने पीड़ित परिवार के सामने पूरी तस्वीर स्पष्ट कर दी। 

बरखेड़ा क्षेत्र के एक युवक ने बताया कि उनकी बहन को शादी से कुछ देर पहले गांव का ही एक युवक बहला फुसलाकर ले गया था। बहन को पुलिस ने बरामद कर लिया है। इसकी मंगलवार को रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। दूसरे दिन बुधवार सुबह उनके पास एक अंजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को एसपी बताया। कहा कि उनकी बहन इलाहाबाद भेज दी गई है। वहीं से बहन की सुपुर्दगी परिवार वालों को कर दी जाएगी। 

इसके एवज में 11 हजार रुपये देने की बात कही। ये सुनकर उन्हें कुछ अटपटा लगा। जिसके चलते वह परिवार के सदस्यों संग थाना बरखेड़ा पहुंचे और एक दरोगा को पूरी बात बताई। जिसके बाद दरोगा ने भी उक्त नंबर पर कॉल की लेकिन जालसाज ने फोन काट दिया। दरोगा ने परिवार को भी जानकारी दी कि उनकी बहन इलाहाबाद नहीं, बल्कि पीलीभीत में ही है। 

उसके बयान की कार्रवाई कराई जा रही है। किसी भी ठग के झांसे में न आए। तब जाकर परिवार को राहत हुई। उधर, जिस व्यक्ति ने शादी तय कराई थी। उसके परिवार की महिलाओं से भी लड़की के परिवार का झगड़ा हो गया। आरोप है कि युवती की मां की पिटाई कर दी गई। जिसकी जानकारी मिलने पर पुलिस युवती की मां का मेडिकल परीक्षण कराकर जांच कर रही है।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज