Kannauj: मनमानी के लिए पहचाने जाते SDM तिर्वा, फिर भी जमे...ठठिया में भी मकान ध्वस्त करने के लग चुके आरोप

अधिवक्ताओं ने कई बार डीएम से लगाई थी न्यायालय के निर्णय का पालन करने की गुहार

Kannauj: मनमानी के लिए पहचाने जाते SDM तिर्वा, फिर भी जमे...ठठिया में भी मकान ध्वस्त करने के लग चुके आरोप

कन्नौज, अमृत विचार। एसडीएम तिर्वा अशोक कुमार मनमानी के लिए पहचाने जाते हैं। कहा जा रहा है कि जब वह अदालत के निर्णय का सम्मान नहीं कर सकते हैं तो आम नागरिक को कैसे न्याय मिलता होगा। तमाम शिकायतों के बाद भी वह कुर्सी पर जमे हैं। यह पहली दफा नहीं है जब कोर्ट के आदेश के विपरीत चंदन होटल सीजमुक्त नहीं किया गया बल्कि ठठिया इलाके में भी ऐसे प्रकरण हो चुके हैं। 

सिविल जज सीनियर डिवीजन ज्योत्सना यादव के निर्णय के बाद अधिवक्ताओं पूर्व ब्लॉक प्रमुख नवाब सिंह यादव के परिजनों ने अदालत के निर्णय का पालन कराने की गुहार डीएम शुभ्रान्त शुक्ल से मिलकर लगाई थी, लेकिन उसके बाद भी सुनवाई नहीं हुई। कई बार अधिवक्ता उच्चाधिकारियों से मिले थे। जिस दिन होटल चंदन को कुर्क व सीज किया जा रहा था अधिवक्ता शिवकुमार यादव ने पुलिस व प्रशासन की इस कार्रवाई को गलत बताया था। 

साथ ही कई सवाल खड़े किए थे। पूर्व ब्लॉक प्रमुख नवाब सिंह यादव के भाई व वादी सुदर्शन सिंह ने प्रशासन की ओर से की जा रही न्यायालय के आदेश की अवहेलना को लेकर न्यायालय में प्रार्थना पत्र भी दिया था। इस पर गुरुवार को न्यायाधीश ने सख्त रुख अपनाते हुये उप जिलाधिकारी तिर्वा अशोक कुमार की सरकारी गाड़ी की कुर्की का आदेश सुनाया। 

एसडीएम तिर्वा ठठिया में निर्माण गिराने व न्यायालय के आदेश के खिलाफ कार्रवाई करने पर भी चर्चा में आए हैं। इन सबके बाद भी तिर्वा में अब तक डटे हैं। दूसरी ओर पूर्व ब्लॉक प्रमुख रेप व पॉक्सो एक्ट में जेल में बंद हैं। उन पर व उनके भाई पूर्व ब्लॉक प्रमुख वीरपाल सिंह उर्फ नीलू यादव के खिलाफ पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई कर रखी है। पुलिस का तर्क है कि इसी वजह से तिर्वा के गांव सखौली स्थित होटल चंदन को कुर्क किया गया। 

बार एसोसिएशन अध्यक्ष की सुनिये…..

कन्नौज बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश तिवारी बताते हैं कि उन्होंने अधिवक्ता साथियों के साथ कई बार जिलाधिकारी से होटल को सीज मुक्त करवाने का अनुरोध किया। न्यायालय के आदेश का भी हवाला दिया गया, लेकिन प्रशासन ने आदेश के अनुपालन करने में कोई रुचि नहीं दिखायी। 

इस पर वादी व पूर्व ब्लॉक प्रमुख के भाई ने प्रशासन पर न्यायालय के आदेश का अनुपालन न करने की बात कहते हुये सिविल जज सीनियर डिविजन के न्यायालय में प्रार्थना पत्र पेश किया। इस पर गुरुवार को न्यायाधीश ने उप जिलाधिकारी तिर्वा की सरकारी गाड़ी कुर्क करने का आदेश सुनाया।

ये भी पढ़ें- कन्नौज में काेर्ट के आदेश की अवहेलना करने में SDM तिर्वा की सरकारी गाड़ी की कुर्की के आदेश: जानिए पूरा मामला