एलन मस्क ने की घोषणा, स्टारलाइनर अंतरिक्ष यात्रियों को एक महीने में लाएंगे वापस...जानिए प्लान 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

वाशिंगटन। अमेरिका में डिपार्टमेंट ऑफ गवर्नमेंट एफिशिएंसी (डीओजीई) के प्रमुख अरबपति एलन मस्क ने घोषणा की है कि वह बोइंग स्टारलाइनर पर अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) पर गए अंतरिक्ष यात्रियों को लगभग एक महीने में वापस लाने की योजना बना रहे हैं। ‘फॉक्स न्यूज’ पर अपने संयुक्त साक्षात्कार के दौरान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा यह पूछे जाने पर कि वह कब लॉन्च करने की योजना बना रहे हैं, मस्क ने कहा, ''मुझे लगता है कि उन्हें वापस लाने में लगभग चार सप्ताह लगेंगे।

राष्ट्रपति ने बताया कि मस्क की टीम को अंतरिक्ष यात्रियों को वापस धरती पर लाने के लिए उनकी ओर से हरी झंडी मिल गई है। मस्क ने कहा, ''राष्ट्रपति के निर्देश पर हम अंतरिक्ष यात्रियों की वापसी के प्रयास में तेजी ला रहे हैं जिसे कुछ हद तक हास्यास्पद तरीके से स्थगित कर दिया गया था। उन्हें राजनीतिक कारणों से वहां छोड़ दिया गया है जो अच्छा नहीं है।'' दरअसल, दो अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री, बुच विल्मोर और सुनीता विलियम्स, जून में आईएसएस पर गए थे, लेकिन उनकी वापसी को कई बार स्थगित कर दिया गया था। अब,  मस्क की स्पेसएक्स कंपनी उनकी वापसी के लिए तैयार हो रही है। विल्मोर और विलियम्स को मार्च में वापस लौटाने की योजना है, जब स्पेसएक्स का क्रू-10 मिशन आईएसएस पर पहुंचेगा। यह मिशन दो नए अंतरिक्ष यात्रियों को लेकर जाएगा और विल्मोर और विलियम्स को वापस लाएगा।

उल्लेखनीय है कि अंतरिक्ष यान स्टारलाइनर को गत पांच जून को प्रक्षेपित किया गया था और अगले दिन आईएसएस से डॉक किया गया था। विल्मोर और सुनीता को आठ दिनों तक कक्षा में रहने और इसी अंतरिक्ष यान से पृथ्वी पर लौटने की उम्मीद थी। हालांकि थ्रस्टर्स की समस्याओं और हीलियम लीक की खोज के कारण स्टारलाइनर की अनडॉकिंग में कई बार देरी हुई है। इससे सुरक्षा संबंधी चिंताएँ बढ़ गई हैं जिससे दोनों अंतरिक्ष यात्रियों को आईएसएस पर ही रहना पड़ा। 

ये भी पढे़ं : संयुक्त राष्ट्र में भारत ने पाकिस्तान को लगाई फटकार, बताया आतंकवाद का वैश्विक केंद्र

संबंधित समाचार