लखीमपुर खीरी: तारपीन तेल पैंकिंग कारखाने में भीषण आग से हड़कंप, किशोर झुलसा
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। शहर के गोला रोड पर स्थित मोहल्ला गोटैया बाग की हरिजन बस्ती के एक घर के अंदर शनिवार की दोपहर भीषण आग लग गई। भीषण धुआं उठते देख मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड पहुंचती, इससे पहले ही मोहल्ले के लोगों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। आग की लपटों की चपेट में आकर एक 13 साल का किशोर भी झुलस गया। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जाता है कि अवैध तरीके से मकान के भीतर ड्रमों से तारपीन का तेल निकालकर बोतलों में भरे जाने का कारोबार काफी समय से चल रहा था।
शहर के मोहल्ला गौटेया बाग हरिजन बस्ती में एक घर में अवैध रूप से तारपीन के तेल का कारखाना चल रहा था, जिसमें दोपहर करीब 2:00 बजे भीषण आग लग गई। घर में रखें लगभग 14 लोहे के ड्रम एक के बाद एक आग लगने से फटने लगे। ड्रम के धमाकों से पूरे मोहल्ले में हड़कंप मच गया, लोग अपने घरों से बाल्टी से पानी भर भर कर और पाइप आदि डालकर आग बुझाने की कोशिश करने लगे। जब तक फायर बिग्रेड मौके पर पहुंचती। इससे पहले ही आस पड़ोस के लोगों ने मिलकर कड़ी में मशक्कत से आग पर काबू पा लिया। आग लगने के समय अंदर तारपीन का तेल बोतलों में भर रहा 12 वर्षीय पारस नाम का बच्चा भी आग की चपेट में आकर मामूली रूप से झुलस गया। जिसे नजदीक के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पड़ोसियों ने बताया कि यह मकान सुरजीत निवासी गोला का है। उसने मकान किराए पर दे रखा है। इस घर में अवैध रूप से तारपीन के तेल का कारखाना चलाया जा रहा था। ड्रमों से तारपीन का तेल निकालकर बोतलों में भरा जाता था। घटना की सूचना पर मौके पर संकटा देवी चौकी प्रभारी श्रद्धा सिंह पहुंची, लेकिन बिना कोई कार्रवाई के वह बैरंग वापस हो गई।
मोहल्ले वालों का कहना था कि आग लगने से बहुत बड़ा हादसा हो सकता था। इसके बावजूद पुलिस प्रशासन ने कोई संज्ञान नहीं लिया। एसडीएम सदर अश्वनी कुमार ने बताया कि वह मामले की जांच कराएंगे। प्रभारी निरीक्षक अंबर सिंह ने बताया कि चौकी इंचार्ज मौके पर गई थी। घटना की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें - लखीमपुर अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक पर आयकर विभाग छापे से हड़कंप
