शराब पीकर फौजी ने पत्नी के सिर पर मारी दराती, बेटे की भी काटी अंगुली
हल्द्वानी, अमृत विचार : मुखानी थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां नशे में धुत एक पूर्व फौजी अपने ही परिवार पर हमलावर हो गया। उसने पहले दराती से पत्नी पर हमला किया। बेटा मां को बचाने आया तो उस पर ताबड़तोड़ हमले कर अंगुली काट दी। इतने से भी दिल नहीं भरा तो उसने परिवार को जिंदा जलाकर मारने की कोशिश की। परिवार ने किसी तरह भाग कर अपनी जान बचाई।
नाकाम होने पर आरोपी पूर्व फौजी भी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। नवाड़ सैलानी फतेहपुर मुखानी निवासी देवेंद्र चंद्र पूर्व फौजी है और यहां अपनी पत्नी गीता देवी व तीन बच्चों के साथ रहता है। गीता के मुताबिक बीती 23 फरवरी की रात वह घर की लॉबी में काम कर रही थी। तभी देवेंद्र नशे की हालत में घर पहुंचा। वह कुछ समझ पाती इससे पहले ही देवेंद्र हाथ में दराती लेकर पहुंच गया और गीता के सिर पर हमला कर दिया। सिर पर हुए हमले में गीता बुरी तरह लहूलुहान हो गई। दर्द से गीता चीखी तो उसका बेटा अभिषेक उसे बचाने दौड़ा। अभिषेक को अपनी ओर आता देख देवेंद्र ने उस पर भी ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
पहला हमला उसने अपने बेटे अभिषेक की छाती पर किया और फिर दराती से उसकी अंगुलियां काट दी। दोनों बुरी तरह लहूलुहान होकर वहीं तड़पने लगे। जिसके बाद नशे में धुत फौजी ने गैस सिलेंडर खोल पूरे परिवार को जिंदा जलाने की कोशिश की। गीता और उसके बच्चों ने किसी तरह भाग कर अपनी जान बचाई।
शोर-शराबे की वजह से इलाके में भीड़ जमा हो गई। खुद को फंसता देख देवेंद्र मौके से फरार हो गया। जिसके बाद गीता ने घटना की सूचना पुलिस को दी। उसने अपने पति के खिलाफ लिखित तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। मुखानी थानाध्यक्ष विजय मेहता ने बताया कि गीता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच के साथ आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है।
पत्नी के नाम दर्ज प्लॉट अपने नाम कराना चाहता था देवेंद्र
हल्द्वानी : गीता ने पुलिस को बताया कि रतनपुर इसाई लामाचौड़ में उसके नाम पर एक प्लॉट है। देवेंद्र चाहता है कि उक्त प्लॉट गीता उसके नाम पर कर दे। इसको लेकर वह पिछले कई दिनों से दबाव बना रहा था, लेकिन देवेंद्र की आदतों को देखते हुए वह लगातार ऐसा करने से मना कर रही थी। आरोप है कि इसी वजह से वह सोमवार को नशे में धुत होकर घर पहुंचा और जान से मार डालने की नीयत से उस पर हमला कर दिया।
