लखीमपुर खीरी: मेड़ के विवाद में पिता-पुत्र ने फायरिंग कर फैलाई दहशत...बेटा गिरफ्तार
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। थाना नीमगांव के गांव नकारा में मेड़ बंदी से नाराज पिता-पुत्र ने अपने मकान की छत से देसी बंदूक और तमंचे से फायरिंग की। इससे गांव में दहशत व्याप्त हो गई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी पुत्र को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके पिता की तलाश कर रही है।
थाना नीमगांव के गांव नकारा निवासी संजय कुमार और गांव के ही दयाराम के बीच खेत की मेड़ तोड़ने को लेकर विवाद हो गया था। लोगों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को समझा बुझाकर शांत करा दिया था। इससे दयाराम रंजिश मान रहा था। संजय का आरोप है कि कहासुनी से नाराज दयाराम ने अपने पुत्र आलोक के साथ अपने मकान पर चढ़कर फायरिंग कर दहशत फैलाई। आरोप है कि दयाराम ने देशी बंदूक और आलोक ने तमंचे से फायर किया। फायरिंग से गांव में दहशत फैल गई।
उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पुलिस पहुंचती। इससे पहले ही आरोपी घर से भाग निकले। पुलिस ने संजय कुमार की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। एसओ सुनीता कुशवाहा ने बताया कि पुलिस ने आलोक को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी का चालान भेजा है।
ये भी पढ़ें - लखीमपुर खीरी : सरकारी मशीनरी को गच्चा देने में माहिर स्कूल प्रबंधन
