लखीमपुर खीरी: अखिलेश यादव को गोली मारने की धमकी से भड़की सपा ने घेरी कोतवाली

लखीमपुर खीरी: अखिलेश यादव को गोली मारने की धमकी से भड़की सपा ने घेरी कोतवाली

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। लखीमपुर खीरी के युवक ने पूर्व मुख्यमंत्री सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को गोली मारने की धमकी देने का बयान दिया। सोशल मीडिया पर वायरल बयान के बाद से सपाइयों में काफी रोष है। रविवार को सपा जिलाध्यक्ष, पूर्व एमएलसी शशांक यादव के साथ कई पूर्व विधायक और तमाम पदाधिकारी सदर कोतवाली पहुंचे और घेराव कर प्रदर्शन किया। आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की।

राणा सांग की जयंती पर शनिवार को करणी सेना ने आगरा में विशाल प्रदर्शन किया था। वह सपा सांसद रामजी सुमन के संसद में राणा सांगा पर की गई टिप्पणी से आक्रोशित हैं। इसी दौरान न्यूज चैनलों पर एक युवक का बयान आया, जिसमें वह पूर्व मुख्यमंत्री सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को गोली मारने की बात कहता सुना जा रहा है। इस वीडियो के सोशल मीडिया पर आने के बाद से सपाइयों में काफी नाराजगी है। रविवार को सपा जिलाध्यक्ष रामपाल सिंह की अगुवाई में पूर्व एमएलसी शशांक यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष अनुराग पटेल, पूर्व विधायक आरए उस्मानी, पूर्व विधायक विनय तिवारी, सुनील लाला, तृप्ति अवस्थी, ओमकार सिंह आदि तमाम पदाधिकारी और कार्यकर्ता सदर कोतवाली पहुंचे और घेराव किया।

प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि शनिवार की दोपहर एक बजे सोशल मीडिया पर एक बेहद आपत्तिजनक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक खुलेआम अपने तमाम साथियों के साथ उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को खुले आम एलानिया गोली मारने की धमकी दे रहा है। वीडियों में उस युवक के साथ अन्य कई लोग मौजूद है, जो या तो चुपचाप उसका सर्मथन कर रहे हैं या उसे उकसा रहे हैं। जिससे यह साफ प्रतीत होता है कि यह पूर्व नियोजित प्रयास है। 

उन्होंने दावा किया कि धमकी देने वाला अमरेन्द्र प्रताप सिंह पुत्र श्री महिपाल सिंह लखीमपुर खीरी का रहने वाला है। उन्होंने उसकी फेसबुक आईडी के साथ नामजद तहरीर कोतवाली सदर पुलिस को दी है। पुलिस ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस दौरान कयूम खां, अशोक कश्यप, आकाश गुप्ता, रघुवीर सिंह यादव, तृप्ति अवस्थी, हिमांशु पटेल, मिर्जा शेखू, उदय भान सिंह, प्रवीन यादव, इसरार अहमद, सुरेंद्र कुमार, अमित वर्मा, हेमंत भार्गव, आरती जानवर, शब्बीर बाबा, सुधाकर लाला, शेखवत अली, त्रिभुवन सिंह सेंगर सहित तमाम लोग मौजूद रहे।