कानपुर में ई रिक्शों की अराजकता पर आज से कसेगी लगाम: तय किए जाएंगे रूट और कलर, नगर निगम, ट्रैफिक लगाएगा कैंप
कानपुर, अमृत विचार। नगर निगम, यातायात विभाग एवं संभागीय परिवहन विभाग अधिकारियों ने ई रिक्शों की अराजकता रोकने के लिए 21 अप्रैल सोमवार से उनके रूट निर्धारित करने का फैसला लिया है। ई रिक्शा स्वामियों को ये छूट दी गई है कि वे जिस रूट का चयन करेंगे, उसी पर उनके ई रिक्शों को लगाया जाएगा।
ई रिक्शा स्वामियों को अपने चालक का भी ब्यौरा देना होगा क्योंकि जिस चालक का पंजीयन होगा, वही ई रिक्शा चला सकेगा। इसके लिए कैंप लगने जा रहे हैं। अब ई रिक्शा पर पंजीयन का स्टीकर चिपकाकर रजिस्टर्ड चालक ही ई रिक्शा संचालित कर सकेंगे।
कानपुर नगर में सवा लाख से अधिक ई रिक्शे दौड़ रहे हैं जिनमें से अधिकतर का पंजीकरण भी नहीं है। ये रिक्शे यातायात नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। ये पूरी सड़क घेरकर खड़े रहते हैं और बेतरतीब तरीके से चलते हैं। जिससे यातायात बाधित होता है। चौराहों पर दिन रात इनका जमावड़ा लगा रहता है जिससे ट्रैफिक फंसता है। इनकी संख्या इतनी ज्यादा हो गई है कि सड़कों पर सिर्फ ये ही दिखते हैं।
इसके अलावा ये आवागमन के लिए इतने असुरक्षित हैं कि सड़क पर जरा सा भी गड्ढा आने पर पलट जाते हैं और सवारियां चुटहिल हो जाती हैं। अक्सर हादसे होते हैं लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं देते। ऐसे में नगर निगम, यातायात विभाग एवं संभागीय परिवहन विभाग ने संयुक्त रूप से ई रिक्शों को नियंत्रित करने की तैयारी की है।
21 को कैंप, पंजीयन यहां कराएं
जोन-5 नगर निगम आफिस
जीआईसी ग्राउंड चुन्नीगंज
जोन-2 नगर निगम चकेरी थाना पूर्वी
ट्रैफिक पुलिस लाइन
थाना बाबूपुरवा, थाना बर्रा, थाना अर्मापुर
थाना छावनी, गुंजन टाकीज पार्किंग परिसर
ई रिक्शा स्वामी ये दस्तावेज लाएं
ई रिक्शों का पंजीयन एवं चालकों के पंयीजन के लिए पहचानपत्र के साथ चालक का ड्राइविंग लाइसेंस लाना होगा। इसके अलावा बीमा, आधार कार्ड, आरसी, स्वामित्व की प्रमाणिकता, ई रिक्शा की आगे पीछे की फोटो, वाहन स्वामी व चालक की पासपोर्ट साइज फोटो के साथ कैंप में जाना होगा और अपने ई रिक्शा, ई ऑटो का पंजीयन कराना होगा। पंजीयन के लिए इच्छुक ई रिक्शा स्वामी विकल्प में से प्राप्त रूट के अनुसार कलर क्यूआर कोड व यूनिक नंबर प्राप्त कर सकते हैं।
ये भी पढ़ें- कानपुर में शोहदे ने की फोटो वायरल, जान की दी धमकी: घर में घुसकर बोला- तांत्रिक विधा से पूरा परिवार बर्बाद कर देंगे
