देहरादून: ‘गांवों की अर्थव्यवस्था मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता’
अमृत विचार, देहरादून। प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा है कि उत्तराखंड के ग्रामीण क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए सरकार गांवों के विकास के लिए आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही नई परियोजनाओं की भी शुरुआत कर रही है। प्रदेश के तमाम स्थानों पर नई झीलों …
अमृत विचार, देहरादून। प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा है कि उत्तराखंड के ग्रामीण क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए सरकार गांवों के विकास के लिए आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही नई परियोजनाओं की भी शुरुआत कर रही है। प्रदेश के तमाम स्थानों पर नई झीलों का निर्माण सरकार की इसी कड़ी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। झीलें बनने से जहां लोगों को सिंचाई के लिए पानी मिलेगा वहीं तमाम इलाकों में लोगों के साफ पीने के पानी का संकट भी दूर होगा।
मुख्यमंत्री देहरादून के थानो में सूर्यधार झील के लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि तमाम स्थानों पर पानी का जल स्तर नीचे गिर रहा है। झीलें बनने से भू जल स्तर तो सुधरेगा ही नलकूपों का प्रयोग भी कम हो जाएगा। थानो क्षेत्र में यही स्थिति है, मगर झील बनने के बाद हजारों की आबादी को पीने का पानी सुगम हो जाएगा और नलकूपों पर उनकी निर्भरता कम होगी।
सीएम ने कहा कि प्रदेश में सौंग और जमरानी दो बांध परियोजनाएं सरकार की महत्वाकांक्षी परियोजनाएं हैं। कहा कि तैयारियों के लिहाज से इसी साल मार्च तक सौंग बांध का शिलान्यास कर देंगे। कहा कि सौंग नदी में पानी की मात्रा बढ़ेगी तो देहरादून की रिस्पना पुनर्जीवित होगी। सीएम ने कहा कि पौड़ी, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, चंपावत में झील परियोजनाओं पर काम हो रहा है। जून तक गढ़वाल की खरकोट झील का लोकार्पण होगा।
किसानों का गन्ने का ऑनलाइन पेमेंट
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की समस्याओं को सरकार पूरी गंभीरता से ले रही है। किसानों को गन्ने का पिछले सत्र का शत प्रतिशत भुगतान नए पेराई सत्र से पहले ही हो चुका है। गन्ना किसानों के लिए उन्होंने कहा कि उनका ऑनलाइन पेमेंट कर रहे हैं। हफ्तेभर के भीतर धान का पूरा बकाया किसानों को दे दिया जाएगा।
