बदायूं: हमले में घायल सीमेंट व्यापारी की इलाज के दौरान मौत
नूरपुर पिनौनी, अमृत विचार। लूटपाट के बाद मारपीट में घायल सीमेंट, सरिया व्यापारी की दिल्ली के अस्प्ताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों में चीत्कार मच गया। इस मामले में एक आरोपी गिरफ्तार किया जा चुका है जबकि दूसरा आरोपी फरार है। आरोपियों के खिलाफ धाराएं बढ़ाई जाएंगी।
उघैती थाना क्षेत्र के गांव कोठा निवासी रोहित गुप्ता व्यापारी थे। थाना इस्लामनगर क्षेत्र के कस्बा नूरपुर पिनौनी में उनकी सरिया और सीमेंट की दुकान थी। वह 10 मई को दुकान से दो लाख रुपये लेकर बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। रास्ते में मुकेश और सुरेंद्र सिंह ने अपनी कार से उनकी बाइक को टक्कर मार दी। जमकर मारपीट की। लोहे की रॉड से रोहित गुप्ता का सिर फोड़ दिया था। तमंचे के बल पर दो लाख रुपये लूटकर फरार हो गए थे। परिजन घायल को अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर घायल को बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों ने थाने के उपनिरीक्षक पर आरोपियों से साठगांठ करने का आरोप लगाते हुए 13 मई को गांव के सिद्ध बाबा मंदिर के पास जाम लगाया था।
सड़क पर प्रदर्शन किया था। कहा था साठगांठ की वजह से पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही है। व्यापारियों ने बाजार बंद कर दिया था। बरेली स्थित अस्पताल के चिकित्सक ने रोहित गुप्ता को रेफर किया था। परिजनों ने उन्हें अलीगढ़ के राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां से दिल्ली के अस्पताल ले जाया गया था। जहां पांच दिन के इलाज के बाद बुधवार सुबह लगभग 5 बजे रोहित गुप्ता ने दम तोड़ दिया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। उनके खिलाफ पहले से दर्ज रिपोर्ट में धाराएं बढ़ाई जाएंगी।
