लखनऊ में बढ़ा अंडा उत्पादन, कम हुई अन्य राज्यों से निर्भरता, हर माह बढ़ रही क्षमता
प्रशांत सक्सेना, लखनऊ /अमृत विचार : प्रदेश में ''कुक्कट विकास नीति'' से लखनऊ भी अंडा उत्पादन में आगे हो गया है। यहां एक वर्ष में तेजी से अंडा उत्पादन की क्षमता बढ़ी है। इस वर्ष मई में 104.91 फीसदी अंडा उत्पादन हुआ है। इससे अन्य राज्यों से अंडा मंगाने की निर्भरता में कमी आई है। जिले में पशुपालन विभाग ने वर्ष 2024-25 में अंडा उत्पादन बढ़ाने के लिए कुक्कट विकास नीति पर जोर दिया। योजना के तहत 60 हजार लेयर (पक्षियों की क्षमता वाला) एक पोल्ट्री फार्म, 30 हजार लेयर के सात पोल्ट्री फार्म व 10 हजार लेयर के चार पोल्ट्री फार्म खुद संचालित किए जा रहे हैं।
नतीजा यह रहा कि वर्ष 2024-25 में 7.78 करोड़ से अधिक अंडे का उत्पादन किया गया, जबकि लक्ष्य 6.41 करोड़ अंडा उत्पादन का था। इससे पहले वर्ष 2023-24 में अंडा उत्पादन का लक्ष्य 5.83 करोड़ था और पोल्ट्री फार्मों की संख्या कम होने की वजह से 7.10 करोड़ अंडा उत्पादन हुआ था। इसके अलावा विभाग के कम क्षमता वाले 12 पोल्ट्री फार्म व 500 से 5 हजार लेयर वाले 29 निजी पोल्ट्री फार्म और संचालित हैं। इन सभी को मिलाकर इस वर्ष मई में 104.91 फीसद अंडा उत्पादन हुआ है। इसको देखते हुए वर्ष 2025-26 में कई गुना उत्पादन की संभावना जताई जा रही है।
दो माह का लक्ष्य और अंडा उत्पादन
अप्रैल - लक्ष्य 53,49,960, उत्पादन 56,12,750
मई - लक्ष्य 53,49,960, उत्पादन 68 लाख
अंडा उत्पादन बढ़ाने के लिए पोल्ट्री फार्म बढ़ाए हैं। इससे अंडा उत्पादन में तेजी से वृद्धि हुई है और बाहरी राज्यों से पूर्ति में कमी आई है। पोल्ट्री फार्म लगाने से लोगों को रोजगार मिला है और आय बढ़ी है। - डॉ. सुरेश कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, लखनऊ
ये भी पढ़े : डिजिटली करण से शिक्षा के क्षेत्र में हो रही क्रांति, मल्टीमीडिया संसाधन पढ़ाई को बना रहे रोचक
