बारिश में जानलेवा बने सड़क के गड्ढे! सुभाष मार्ग-पांडेगंज और नाका मुख्य मार्ग बदहाल 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार : सीवर लाइन डालने एक वर्ष पहले खोदी गई सड़क जल निगम ने अभी तक नहीं बनाई। अब बारिश में जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। पानी भरने से गड्ढों में गिरने से राहगीर चोटिल हो रहे हैं। सुभाष मार्ग से पांडेगंज होते हुए नाका जाने वाला मुख्य मार्ग बदहाल है। गड्ढे होने से सड़क पर एक ओर से ही आवागमन हो रहा है, इससे दिन भर जाम लगता है। शाम को स्थिति ज्यादा गंभीर हो जाती है। सुभाष मार्ग से नाका पहुंचने में 10 मिनट की जगह एक घंटा लगता है। जल निगम के अभियंताओं की मनमानी से व्यापारियों में आक्रोश है।

जल निगम के अभियंताओं ने सीवर लाइन डालने का काम लगभग एक वर्ष पहले शुरू कराया था।आठ महीने बाद भी काम पूरा नहीं हो पाया है।परेशान क्षेत्रीय व्यापारियों के धरना प्रदर्शन किया था। इस पर जल निगम ने जहां काम पूरा हो गया वहां पैच वर्क करा दिया था। किंतु पैच वर्क की गुणवत्ता ठीक न होने से कुछ दिन में सड़क जगह-जगह से बैठने लगी।

पहले जहां व्यापारी मिट्टी और धूल उड़ने से परेशान थे, वहीं अब बारिश में गड्ढों में पानी भरने से परेशान हैं। बारिश का पानी भरा होने से गड्ढों की गहराई का पता तक नहीं चलता। गड्ढों में पहिया जाने से वाहन पलट जाते हैं। जल निगम के अभियंता ने व्यापारियों को जून 2025 तक काम पूरा करने और सड़क बनाने का आश्वासन दिया था लेकिन अभी काम पूरा होने की संभावना नहीं दिख रही है।

अधिशासी अभियंता निर्माण खंड नगरीय  मो. अतहर ने बताया कि जल निगम सड़क पर ब्लैक टॉप के कारण काम रुक गया है। अब बारिश के बाद शुरू हो पाएगा। सड़क बनाने का काम बारिश के बाद शुरू होगा। अभी जहां गड्ढे हैं वहां गिट्टी डलवाकर रोलर से बराबर करा दिया जाएगा। 

ये भी पढ़े : यूपी : हर बच्चे की पढ़ाई पर होगी निपुण की डिजिटल नजर, ऐप के जरिये बच्चों का मूल्यांकन करेंगे शिक्षक

संबंधित समाचार