प्रयागराज में मंत्री नन्दी की पहल से मरीजों को 2.26 करोड़ की आर्थिक मदद
प्रयागराज अमृत विचार : प्रयागराज में गम्भीर बीमारियों का इलाज करा रहे दो दर्जन लोगों को प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी के प्रयास से हर महीने आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। अप्रैल, मई और जून महीने में मंत्री नन्दी के प्रयास से प्रयागराज व अन्य क्षेत्रों के 107 मरीजों को इलाज के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से 2,26,14,102 रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई गई।
मंत्री नन्दी के प्रयास से मरीजों को मिला नया जीवन : मंत्री नन्दी के प्रयास से कैंसर, किडनी, हड्डी रोग, हृदय रोग, आर्थराइटिस के साथ ही अन्य गम्भीर बीमारियों का इलाज कराने के लिए अप्रैल महीने में 52 मरीजों को 1,01,55,602 रुपये, मई महीने में 38 मरीजों को 77,73,500 रुपये और जून महीने में 17 मरीजों को 48,85,000 रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई।
मंत्री नन्दी की योजना : कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में युवा कार्यकर्ताओं की टीम लगा रखी है, जो लोगों की समस्या सुनते हैं और इलाज में आ रही समस्या और आर्थिक बाधाओं की जानकारी इकट्ठा करने के बाद इलाज की सरकारी प्रक्रियाओं को पूरा कराते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय को पत्र भेजते हैं।
मंत्री नन्दी की उपलब्धि : कैबिनेट मंत्री नन्दी ने सरकार के द्वितीय कार्यकाल में अब तक शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र ही नहीं बल्कि अन्य जनपदों एवं अन्य क्षेत्रों के 17,00 से अधिक लोगों को गम्भीर बीमारियों का इलाज कराने के लिए मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से 29 करोड़ से अधिक की धनराशि उपलब्ध कराया है।
यह भी पढ़ें:- लखनऊ में बाइकर्स गैंग पुलिस को दे रहा चुनौती : महिला डॉक्टर समेत दो लोगों का छीना मोबाइल
