योगी सरकार ने किया 12 PCS अफसरों का तबादला, गरिमा सिंह बनीं अमरोहा की अपर जिलाधिकारी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सोमवार को 12 और पीसीएस अफसरों का तबादला कर दिया गया है। नियुक्ति एवं कार्मिक विभाग ने सभी अधिकारियों को तत्काल नई जगह ज्वाइन करने के आदेश दिए हैं। ऐसा न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले रविवार को देर रात 66 पीसीएस अफसरों को ट्रांसफर किया था।
आगरा के अपर जिलाधिकारी (नगर) अनूप कुमार को बाल विकास एवं पुष्टाहार निदेशालय लखनऊ का संयुक्त निदेशक बनाया गया है। सहकारी चीनी मिल संघ लखनऊ के प्रधान प्रबंधक यमुनाधर चौहान को आगरा का एडीएम सिटी बनाना गया है।
कन्नौज के उपजिलाधिकारी रामकेश सिंह को उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल संघ का प्रधान प्रबंधक बनाया गया है। अमरोहा के अपर जिलाधिकारी बृजेश कुमार त्रिपाठी को दिव्यांगजन सशक्तिकरण निदेशालय लखनऊ का संयुक्त निदेशक बनाया गया है।
मेरठ मंडल की अपर आयुक्त गरिमा सिंह को अपर जिलाधिकारी अमरोहा बनाया गया है। अपर जिलाधिकारी कासगंज राकेश कुमार पटेल को लखनऊ मंडल का अपर आयुक्त बनाया गया है। इटावा के नगर मजिस्ट्रेट दिग्विजय प्रताप सिंह को कासगंज का अपर जिलाधिकारी बनाया गया है।
इटावा के उप जिलाधिकारी राजेंद्र बहादुर को इटावा का नगर मजिस्ट्रेट बनाया गया है। रामपुर के अपर जिलाधिकारी अम्बरीश कुमार बिंद को मेरठ मंडल का अपर आयुक्त बनाया गया है। रामपुर के नगर मजिस्ट्रेट संदीप कुमार वर्मा को रामपुर का अपर जिलाधिकारी बनाया गया है।
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण उप जिलाधिकारी रेशमा सहाय को उपजिलाधिकारी कन्नौज बनाया गया है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण उप जिलाधिकारी रेणुका दीक्षित को इटावा का उप जिलाधिकारी बनाया गया है।
