यूपी के नये मुख्य सचिव बने शशि प्रकाश गोयल, मनोज कुमार सिंह को नहीं मिला सेवा विस्तार
लखनऊ, अमृत विचार। यूपी कैडर के 1989 बैच के आईएएस अफसरों की वरिष्ठता सूची में सबसे ऊपर शशि प्रकाश गोयल को उत्तर प्रदेश का नया मुख्य सचिव बनाया है। गोयल ने दोपहर बाद मुख्य सचिव कार्यालय जाकर कार्यभार संभाला। उन्होंने मनोज कुमार सिंह से मुख्य सचिव समेत उनके पास मौजूद अन्य सभी विभागों का भी कार्यभार ग्रहण किया है।
जनवरी, 2021 से जून, 2024 तक यूपी के मुख्य सचिव रहे 1984 बैच के आईएएस अधिकारी दुर्गा शंकर मिश्र के बाद 30 जून 2024 से मनोज कुमार सिंह मुख्य सचिव पद पर तैनात थे। दुर्गा शंकर को एक-एक साल का दो बार सेवा विस्तार मिलने से मनोज को भी उम्मीद थी, लेकिन सेवा निवृत्ति के आखिरी दिन तक केंद्र सरकार से ऐसा आदेश न मिलने से सभी अटकलें खारिज हो गईं। इसी के साथ केंद्र सरकार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पहली बार मुख्यमंत्री बनने के साथ 19 मई 2017 से उनके कार्यालय के मुखिया का दायित्व संभाल रहे अपर मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल (एसपी गोयल) को मुख्य सचिव बनाने पर सहमति देते हुए आदेश जारी किया। लखनऊ में 20 जनवरी, 1967 जन्में गोयल आईएएस परीक्षा-1989 के टॉपर रहे हैं। वे अब यूपी की नौकरशाही के मुखिया के रूप में जनवरी 2027 तक कार्य करेंगे।
गोयल और संजय प्रसाद को मिलीं नई जिम्मेदारियां
मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव के रूप में कार्य करते समय एसपी गोयल के पास नागरिक उड्डयन, राज्य संपत्ति एवं प्रोटोकॉल विभाग की जिम्मेदारी भी थी। अब इसे मुख्यमंत्री कार्यालय, गृह एवं सूचना के प्रमुख सचिव संजय प्रसाद को दे दी गई है। जबकि एसपी गोयल को मुख्य सचिव के साथ अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त, अपर मुख्य सचिव समन्वय विभाग, अध्यक्ष पिकप, यूपीडा एवं उपशा का मुख्य कार्यपालक अधिकारी व यूपीडास्प के निदेशक पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद प्रेस प्रतिनिधियों से मुलाकात के दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश के वरिष्ठतम प्रशासनिक पद पर सेवा का अवसर प्रदान करने के लिये मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेन्स, जीरो करप्शन, औद्योगिक विकास और आर्थिक विकास की नीतियों को धरातल पर उतारने का पूरा जोर रहेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप उत्तर प्रदेश को विकास के पथ पर ले जाने और प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के पूरे प्रयास किये जायेंगे। प्रदेश में चल रहे विकास कार्यों को समयबद्धता व पूर्ण गुणवत्ता के साथ पूरा कराना सुनिश्चित किया जायेगा। प्रदेश को औद्योगिक हब बनाने के लिये ठोस कदम उठाये जायेंगे, जिससे प्रदेशवासियों को एक खुशहाल प्रदेश एवं युवाओं को एक बेहतर भविष्य मिल सके।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव गृह एवं सूचना संजय प्रसाद, प्रमुख सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक एम. देवराज, प्रमुख सचिव पर्यटन मुकेश कुमार मेश्राम, प्रमुख सचिव नियोजन आलोक कुमार, जिलाधिकारी लखनऊ विशाख जी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:- लोकसभा में बोले रवि किशन : कहीं छोटा समोसा महंगा, कहीं दाल तड़का 1000 रुपये! खाने की कीमतों पर बने सख्त कानून
