Lucknow News: कैफे में चल रहा था हुक्का बार, 32 गिरफ्तार
लखनऊ, अमृत विचार: अलीगंज के सेक्टर-बी स्थित कोको आईकन कैफे की आड़ में चल रहे हुक्का बार पर शुक्रवार देर रात पुलिस ने छापा मारा। पुलिस को देखते ही लोग भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर चार कर्मचारी और छात्र समेत 32 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। हुक्का बार से 25 हुक्का, चिलम, पाइप और फ्लेवर्ड तंबाकू पुलिस ने बरामद की है। हुक्का बार का संचालन करने वाले दो पार्टनर की तलाश की जा रही है।
एडीसीपी उत्तरी जितेंद्र कुमार दुबे ने बताया कि शुक्रवार देर रात सूचना मिली कि सेक्टर-बी स्थित कोको आईकन में हुक्का बार चल रहा है। सूचना पर इंस्पेक्टर अशोक कुमार सोनकर ने टीम के साथ छापेमारी की। पुलिस ने घेरकर 32 लोगों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम कर्मचारी राजकुमार निवासी ठाकुरगंज, नीरज निवासी सीतापुर, रवि सिंह निवासी हरदोई, रिंकू निवासी अलीगंज, छात्र देवांशू राजपूत निवासी विकासनगर, छात्र समीर निवासी खुर्रमनगर, छात्र फैजान निवासी हजरतगंज, हादिम इम्तियाज, तकरीर हुसैन, मोहम्मद आमिर निवासी बिहार, ऋषभ मौर्य निवासी जानकीपुरम, मोहम्मद आदिल रजा सिद्दीकी निवासी देवरिया, कासिम, आरिफ, फैजान, मोहम्मद नसीम, नमन, फैजान खान निवासी मदेयगंज, सुमित राठौर, रौनक सिंह निवासी अलीगंज, विशेष साहू निवासी नाका, हिमांशु पाल, हर्ष साहू निवासी नरही, अमन सोनकर निवासी डालीगंज, सूरज कुमार निवासी बड़ा चांदगंज, अयान अहमद निवासी अलीगंज, जान मोहम्मद निवासी फैजुल्लागंज, राज निवासी विकासनगर, शाबान अली निवासी मड़ियांव, मोहम्मद सोहेल निवासी हसनगंज, देवराज और जोवनप्रीत सिंह निवासी खीरी बताया। इंस्पेक्टर ने बताया कि रेस्टोरेंट में चल रहे हुक्का बार की शिकायत स्थानीय लोगों ने की थी। संचालक अलीम और संदीप सिंह की तलाश की जा रही है। अलीगंज पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
हुक्के से बढ़ गई थी कैफे की आमदनी
गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि मालिक अलीम व संदीप ने आमदनी बढ़ाने के लिए कैफे में ही हुक्का बार खोल लिया था। जिसके बाद से लड़के-लड़कियों की आमद बढ़ गई। कैफे रेस्टोरेंट के मुकाबले हुक्का बार से मुनाफा भी बढ़ गया। पूछताछ में पता चला कि रेस्टोरेंट में आने वालों में छात्र भी शामिल हैं। जो बिना किसी रोकटोक के काफी देर तक बार में समय गुजारते थे।
लाइसेंस होने का देता था झांसा
18 से कम उम्र के व्यक्ति को तंबाकू उत्पाद की बिक्री करना मना है। इस नियम की अनदेखी ब्लैक शैडो कैफे में की जा रही थी। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि संचालक कम उम्र के लड़कों और छात्रों को हुक्का बार का लाइसेंस होने का झांसा देता था। कई बार स्कूल ड्रेस में भी आने वाले छात्रों को प्रवेश दिया जा रहा था।
