शिबू सोरेन मेंआदिवासी और वंचितों को सशक्त बनाने का जुनून था...  राष्ट्रपति, पीएम मोदी, सीएम योगी समेत कई नेताओं ने जताया शोक

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि उनका निधन सामाजिक न्याय के क्षेत्र में एक बड़ी क्षति है। सोरेन का लंबी बीमारी के बाद सोमवार को यहां एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 81 वर्ष के थे। राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि सोरेन ने आदिवासी पहचान और झारखंड राज्य के गठन के लिए संघर्ष किया। मुर्मू ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘श्री शिबू सोरेन जी का निधन सामाजिक न्याय के क्षेत्र में एक बड़ी क्षति है। उन्होंने आदिवासी पहचान और झारखंड राज्य के गठन के लिए संघर्ष किया।’’ राष्ट्रपति ने कहा कि जमीनी स्तर पर काम करने के अलावा सोरेन ने झारखंड के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और सांसद के रूप में भी योगदान दिया। उन्होंने कहा, ‘‘लोगों, विशेषकर आदिवासी समुदायों के कल्याण के लिए उनके काम को हमेशा याद रखा जाएगा। मैं उनके पुत्र और झारखंड के मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन जी, परिवार के अन्य सदस्यों और प्रशंसकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं।’’ 

जनता के प्रति अटूट समर्पण के साथ सार्वजनिक जीवन में तरक्की की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन पर शोक व्यक्त किया है और आदिवासी समुदायों, गरीबों और वंचितों को सशक्त बनाने के उनके जुनून की सराहना की है। पीएम मोदी ने सोमवार को एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा , “श्री शिबू सोरेन जी एक जमीनी नेता थे, जिन्होंने जनता के प्रति अटूट समर्पण के साथ सार्वजनिक जीवन में तरक्की की। वे आदिवासी समुदायों, गरीबों और वंचितों को सशक्त बनाने के लिए विशेष रूप से समर्पित थे। उनके निधन से मुझे बहुत दुःख हुआ। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी से बात की और संवेदना व्यक्त की। ओम शांति।”

योगी आदित्यनाथ ने शिबू सोरेन के निधन पर शोक व्यक्त किया 

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन पर सोमवार को शोक व्यक्त किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी। सीएम आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन जी का निधन अत्यंत दुःखद है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि!’’ उन्होंने कहा, ''जनजातीय समाज के उन्नयन में उन्होंने अपना जीवन समर्पित कर दिया। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को सद्गति एवं उनके शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ओम शांति।’’ 

मायावती ने शिबू सोरेन के निधन पर दुख व्यक्त किया 

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन पर सोमवार को दुख व्यक्त किया। मायावती ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के संस्थापक एवं आदिवासी समाज के जाने-माने दिग्गज नेता शिबू सोरेन का आज इलाज के दौरान निधन हो जाने की खबर अति-दुखद है।'' उन्होंने कहा, ‘‘उनके (शिबू सोरेन के) पुत्र तथा वर्तमान में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं उनके परिवार के साथ-साथ उनके समस्त समर्थकों के प्रति मेरी गहरी संवेदना। कु़दरत उन सभी को इस दुख को सहन करने की शक्ति दे।’’ 

शिबू सोरेन ने आदिवासियों की भलाई के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया: हिमंत विश्व शर्मा

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक शिबू सोरेन के निधन पर सोमवार को शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनका जीवन वंचितों, आदिवासियों और श्रमिकों की भलाई के लिए समर्पित था। शिबू सोरेन का सोमवार को निधन हो गया। वह 81 वर्ष के थे। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन गुर्दे संबंधी समस्याओं के कारण एक महीने से ज्यादा समय से दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में इलाज करा रहे थे। शर्मा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और माननीय राज्यसभा सदस्य शिबू सोरेन जी के निधन की खबर बेहद दुखद है।’’

आदिवासी अधिकारों की खातिर किए गए संघर्ष के लिए याद किया जाएगा: पटनायक

बीजू जनता दल (बीजद) प्रमुख नवीन पटनायक ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन पर सोमवार को शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें आदिवासी और वंचित वर्ग के लोगों के अधिकारों के लिए समर्पित उनकी लड़ाई के लिए याद किया जाएगा। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक शिबू सोरेन का सोमवार को निधन हो गया। वह 81 वर्ष के थे। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पिता शिबू सोरेन के निधन के साथ ही उस राजनीतिक युग का अंत हो गया है, जिसमें आदिवासी आंदोलन को राष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्धि मिली थी। शिबू सोरेन गुर्दे संबंधी समस्याओं के कारण एक महीने से ज्यादा समय से दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में इलाज करा रहे थे। ओडिशा के पांच बार मुख्यमंत्री रहे पटनायक ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक शिबू सोरेन के निधन के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ।’’ ओडिशा विधानसभा में विपक्ष के नेता ने कहा, ‘‘वह एक प्रमुख आदिवासी नेता थे और उन्हें आदिवासियों और हाशिए पर पड़े लोगों के अधिकारों की लड़ाई के प्रति उनके समर्पण के लिए याद किया जाएगा। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके शोक संतप्त परिवार, दोस्तों और समर्थकों के साथ हैं। ओम शांति।’’

आदिवासी समाज की आत्मा थे शिबू सोरेन-केजरीवाल

आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ आदिवासी नेता शिबू सोरेन के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि वह केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि झारखंड और आदिवासी समाज की आत्मा थे। केजरीवाल ने एक्स पर कहा ''आदरणीय दिशोम गुरु श्री शिबू सोरेन जी के निधन का समाचार बेहद पीड़ादायक है। दिशोम गुरु श्री शिबू सोरेन जी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि झारखंड और आदिवासी समाज की आत्मा थे। उन्होंने आदिवासी अधिकारों, जल-जंगल-ज़मीन और संविधानिक न्याय के लिए जीवन भर संघर्ष किया। उनका निधन एक युग का अंत है। उनका जाना देश की राजनीति और आदिवासी आंदोलन की अपूरणीय क्षति है।''

उन्होंने कहा ''ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और समस्त परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति दें।'' आप की वरिष्ठ नेता आतिशी ने कहा ''झारखंड आंदोलन के जनक, आदिवासी समाज की बुलंद आवाज़ और लाखों लोगों के प्रेरणा स्रोत दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी के निधन से गहरा दुख हुआ। उनका पूरा जीवन जल-जंगल-ज़मीन और हाशिए पर खड़े लोगों के हक़ की लड़ाई में समर्पित रहा। ईश्वर दिवगंत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिवार को ये दुख सहने की शक्ति दें।'' उल्लेखनीय है कि श्री सोरेन का लंबी बीमारी के बाद आज निधन हो गया। 

यह भी पढ़ेंः भाजपा जाए तो चैन आए! अखिलेश यादव का योगी सरकार पर तीखा प्रहार... बाढ़ की स्थिति को लेकर कह दी ये बड़ी बात

संबंधित समाचार