लखीमपुर खीरी : प्रदेश की कानून व्यवस्था ध्वस्त, इस्तीफा दें योगी
प्रदेश मेंं प्रतिदिन हो रहीं चोरी, लूट समेत बड़ी वारदातें, महिलाएं सबसे ज्यादा प्रभावित
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार: जिला कांग्रेस कमेटी ने जिले के साथ पूरे प्रदेश में हो रहीं चोरी, लूट, हत्या जैसी जघ्नय वारदातों पर गहरी चिंता जताई है। साथ ही लखीमपुर में भीरा, नीमगांव और सदर कोतवाली क्षेत्र में हो रहीं ताबड़तोड़ घटनाओं पर एसपी को भी घेरा है। महिलाएं भी सुरक्षित नहीं हैं। जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रहलाद पटेल ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चौपट हो गई है। नैतिकता के आधार पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अब इस्तीफा दे देना चाहिए।
शुक्रवार को जिला कांग्रेस कार्यालय पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रहलाद पटेल ने कहा कि आठ सालों में योगी शासनकाल में उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। अगर हम कहें कि उत्तर प्रदेश अपराध प्रदेश बन गया है तो कोई अतिश्योक्ति नहीं होगी। एनसीआरबी के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में महिलाओं और दलितों के खिलाफ अपराध सबसे ज्यादा हो रहे हैं। पूरे देश में महिलाओं के प्रति जितने अपराध हो रहे हैं उसका 15 प्रतिशत अकेले उत्तर प्रदेश में होते है। पूरे प्रदेश का शायद ही कोई जनपद होगा जहां आये दिन कोई जघन्य अपराध न होता हो। इतना ही नहीं जो सामाजिक अपराध खत्म से हो गये थे वह भाजपा के शासन काल में फिर से होने लगे हैं, जैसे अनुसूचित जाति के लोगों की बारातों पर हमला, उन्हें घोडी पर न चढ़ने देना और तो और अब दबंग उन्हें अपने इलाकों से निकलने देना भी नहीं चाहते। पूरे प्रदेश में अराजकता का माहौल है अपराधियों में कानून का डर खत्म सा हो गया है। शर्मनाक स्थिति यह है कि मुख्यमंत्री जी जाति और धर्म देखकर अपराधियों की पहचान करते हैं। उन्होंने कहा कि पिछले एक महीने की अगर बात करें तो जनपद-लखीमपुर खीरी में चोरी, डकैती, हत्या, अपहरण जैसी तमाम बड़ी घटनाएं हुईं। सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया।
कोतवाली लखीमपुर सदर के गांव बनवारीपुर में 30 लाख रुपये की चोरी अब्दुल कलाम के घर से हुई। थाना हैदराबाद ग्राम अजान में 5 लाख रुपये की चोरी हुई। भीरा थाना ग्राम पड़रिया में चोरी घटनाएं हुईं। निघासन में बदमाशों ने महिला को चाकू मारकर लूटपाट करने की कोशिश की। फरधान थाने के क्षेत्र में महिला से 3500 रुपये की छिनैती हुई। कानून व्यवस्था का आलम यह है कि दो दिन पहले निघासन क्षेत्र सुक्खनपुरवा में एक युवक को पीट-पीट कर मार डाला गया। चोरी की घटनाएं आम बात हो चुकी हैं। थाना निघासन ग्राम लुधौरी में एक महिला से लूटने का प्रयास हुआ, जिसके विरोध करने पर चाकू मारा गया। खीरी जिले में लगातार हो रहीं चोरी की घटनाओं से दहशत का माहौल व्याप्त है। यूरिया खाद की मारा मारी चल रही है। इस पर शासन व प्रशासन कोई ठोस कदम नहीं उठा पा रहा है। जिससे किसानों को काफी कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है। यूरिया की खुलेआम कालाबाजारी की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री जाति और धर्म देखकर अपराधियों को संरक्षण दे रहे हैं, जिससे पूरे प्रदेश में अराजकता का माहौल है। पार्टी ने मुख्यमंत्री से नैतिक आधार पर इस्तीफा मांगा।
एसपी से मिला कांगेसियों का प्रतिनिधि मंडल
जिला कांग्रेस कार्यालय पर प्रेस वार्ता करने से पहले कांग्रेसियों का एक प्रतिनिधि मंडल एसपी संकल्प शर्मा से मिला। जनपद में बढ़ रहीं चोरी, लूट जैसी जघन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि रिपोर्ट दर्ज होने और खुलासा करने से घटनाओं पर अंकुश नहीं लग सकता है। इसके लिए स्थानीय पुलिस को कड़े कदम उठाने होंगे। प्रतिनिधिमंडल ने बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधि मंडल में कांग्रेस रवि तिवारी समेत अन्य लोग शामिल रहे।
