UP : पीलीभीत में मूसलाधार बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात, बिजली गिरने से एक मौत
पीलीभीत, अमृत विचार। तीन दिन से रुक-रुक कर हो रही बारिश रविवार को आफत बन गई। तेज बारिश में कुछ ही देर में पूरा शहर जलभराव की समस्या से जूझ गया। ड्रेनेज सिस्टम ठप दिखा। हर तरफ पानी ही पानी और बाढ़ जैसे हालात दिखे। बिजली गिरने से एक युवक की मौत भी हो गई। कई जगह दीवार गिरने के मामले सामने आए।
सुबह से हो रही तेज बारिश तो 11 बजे रुक गई। मगर, इसी के साथ जन जीवन प्रभावित हो गया। शहर के मुख्य मार्गों से लेकर पॉश कालोनियों, हाईवे पर कई फीट तक पानी भर गया। कहीं घरों में तो कहीं दुकानों के भीतर पानी घुस गया। जिसमें काफी नुकसान हुआ। नगर पालिका के जिम्मेदार पहले बारिश रुकने के बाद पानी निकलने की बात कहकर साख बचाते रहे। वहीं, बारिश रुकने के दो घंटे से अधिक समय बाद भी सड़कों पर हालात बिगड़े रहे। गढ्ढों वाली सड़क पर जलभराव के बाद लोग गिरे और घायल हुए। दुपहिया वाहन पानी में घुसते ही बंद हो गए और पैदल गुजरना पड़ा। नगर पालिका की व्यवस्थाओं की हकीकत बारिश ने उजागर कर दी।
काम निपटाकर घर जाते वक्त काल बनकर गिरी बिजली
बारिश के बीच काल बनकर बिजली गिरी। ग्राम वाहनपुर अमखेड़ा के निवासी 32 वर्षीय जितेन्द्र यादव पुत्र रमेश यादव एक पेट्रोल पंप पर चौकीदार थे। रविवार सुबह वह काम निपटाकर घर जा रहे थे। इस दौरान बिजली गिरी, जिसमें उनकी मौत हो गई। मोहल्ला भूरे खां समेत कई जगह दीवार गिरी।
