दुबले दिखना हमेशा सेहतमंद नहीं, हो सकता है स्किनी ओबेसिटी का खतरा

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार : संजय गांधी पीजीआई संस्थान में शुक्रवार को पोषण माह के अवसर पर आयोजित जागरुकता कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने बताया कि सिर्फ सामान्य वजन होना ही सेहत की गारंटी नहीं है। कई बार ऐसे लोग, जो बाहर से दुबले दिखते हैं, उनके शरीर में फैट प्रतिशत सामान्य से कहीं ज्यादा होता है। इस स्थिति को स्किनी ओबेसिटी कहा जाता है।

विशेषज्ञों के अनुसार, स्किनी ओबेसिटी मधुमेह, हाई ब्लड प्रेशर और हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियों का कारण बन सकती है। पुरुषों के लिए बॉडी फैट 10–20प्रतिशत और महिलाओं के लिए 18–28 प्रतिशत होना चाहिए। इससे ज्यादा होने पर शरीर भले ही दुबला लगे, लेकिन सेहत बिगड़ने का खतरा बढ़ जाता है। कार्यक्रम की शुरुआत ज़ुम्बा और वार्म-अप सेशन से हुई। स्वागत भाषण डॉ. निरुपमा सिंह ने दिया और थीम का विमोचन डॉ. अर्चना सिन्हा ने किया।

निदेशक प्रो. आरके धीमान सहित डॉ. शिल्पी पांडे, डॉ. रीता आनंद और डॉ. मोनिका दीक्षित ने आहार और जीवनशैली पर चर्चा की। विशेषज्ञों ने बताया कि बॉडी कंपोजिशन एनालिसिस जांच जरूरी है, क्योंकि यही शरीर में फैट, मसल्स, पानी और हड्डियों का संतुलन बताती है। उन्होंने मौसमी फल-सब्जियां, साबुत अनाज, दालें, दूध-दही और सूखे मेवे खाने की सलाह दी, साथ ही प्रोसेस्ड व तैलीय भोजन से परहेज करने को कहा।

ये भी पढ़े : अयोध्या में गंभीर हृदय रोगियों को अक्सर भागना पड़ता है लखनऊ, विशेषज्ञ तो हैं पर संसाधनों के अभाव में नहीं कर पाते इलाज

संबंधित समाचार