बाराबंकी: लोक अदालत में 1.66 लाख मामलों का निस्तारण, 47.43 करोड़ की वसूली
जनपद न्यायाधीश प्रतिमा श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुआ आयोजन, सैकड़ों विभागों व बैंकों ने लिया भाग
बाराबंकी, अमृत विचार। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देश पर शनिवार को जिला न्यायालय बाराबंकी में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन जनपद न्यायाधीश व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष प्रतिमा श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुआ। शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया।
इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश पारिवारिक न्यायालय सत्यदेव गुप्ता, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण की पीठासीन अधिकारी अल्पना सक्सेना, जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय, विभिन्न न्यायिक अधिकारी व बैंक प्रतिनिधि मौजूद रहे।
नोडल अधिकारी व विशेष न्यायाधीश ईसी एक्ट राकेश कुमार सिंह ने जानकारी दी कि इस लोक अदालत में जनपद के विभिन्न न्यायालयों और विभागों द्वारा कुल 1,66,963 मामलों का निस्तारण किया गया, जिनसे कुल 47,43,15,539 की वसूली की गई। जिसमें सिविल कोर्ट द्वारा 27,709 मामलों में 8.39 करोड़ की वसूली, प्री-लिटिगेशन स्तर पर राजस्व विभाग, बैंकों व अन्य विभागों के कुल 1.39 लाख मामलों में 39 करोड़ की वसूली हुई।
मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण में 96 मामलों में 6.52 करोड़ का प्रतिकर, राजस्व न्यायालयों से 73,836 वादों का निस्तारण, बैंकों के 1,675 एनपीए खातों से 23.90 करोड़ की वसूली हुई। बैंक ऑफ इंडिया ने सर्वाधिक 842 मामलों का निपटारा किया।
इसके अतिरिक्त मनरेगा, विद्युत विभाग, समाज कल्याण, पूर्ति विभाग, नगर पालिका सहित दर्जनों विभागों ने भी बड़ी संख्या में मामलों का समाधान किया। लोक अदालत की सफलता के लिए चिकित्सा विभाग द्वारा स्वास्थ्य शिविर और वादकारियों के लिए स्वच्छ पेयजल व्यवस्था भी की गई। यह लोक अदालत जनपद में न्यायिक प्रक्रिया के प्रति जनता का विश्वास बढ़ाने और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।
