PM Modi: दरांग में बोले पीएम मोदी- भारतीय सेना का समर्थन करने के बजाय आतंकवादियों का साथ दे रही कांग्रेस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मंगलदई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस देश की सेना का समर्थन करने के बजाय पाकिस्तान द्वारा पोषित आतंकवादियों का समर्थन कर रही है। पीएम मोदी ने असम के दारंग जिले के मंगलदई में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर घुसपैठियों और राष्ट्र-विरोधी ताकतों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। 

प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि भाजपा घुसपैठियों की जमीन हड़पने और जनसांख्यिकी बदलने की उनकी साजिश को नाकाम कर देगी। मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘ कांग्रेस भारतीय सेना का समर्थन करने के बजाय पाकिस्तान द्वारा पाले गए आतंकवादियों का समर्थन करती है। वह घुसपैठियों और राष्ट्रविरोधी ताकतों को संरक्षण देती है।’’

उन्होंने यह भी दावा किया कि कांग्रेस ने दशकों तक असम पर शासन किया, लेकिन ब्रह्मपुत्र नदी पर ‘‘केवल तीन पुल’’ बनाए, जबकि भाजपा नीत सरकार ने पिछले 10 वर्षों में छह ऐसे पुल बनाए हैं। मोदी ने ‘‘अतिक्रमण की गई भूमि से घुसपैठियों को बाहर निकालने और अब इन भूखंडों पर किसानों के खेती करने संबंधी कदम’’ के लिए असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा की सराहना की। 

प्रधानमंत्री ने ज़ोर देकर कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक के रूप में उभर रहा है और असम की विकास दर 13 प्रतिशत है। उन्होंने कहा, ‘‘ यह ‘डबल इंजन’ वाली सरकार के प्रयासों से संभव हुआ है। केंद्र और राज्य सरकार असम को स्वास्थ्य के केंद्र के रूप में विकसित कर रही हैं। विकसित भारत के सपने को साकार करने में पूर्वोत्तर की बड़ी भूमिका है।’’

यह भी पढ़ेंः भारत-पाकिस्तान का मुकाबला आज... मैच से पहले देखें पॉइंट्स टेबल का ताजा हाल, इस टीम के लिए सुपर-4 की राह हुई कठिन

संबंधित समाचार