जलालाबाद: रैली निकालने जा रहे सपाइयों को पुलिस ने किया नजरबंद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जलालाबाद,अमृत विचार। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर सपा कार्यकर्ता केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के विरोध में 7 दिसंबर से किसानों के समर्थन में किसान रैली का आयोजन कर रहे हैं जबकि पुलिस प्रशासन इन रैलियों को रोकने में लगा हुआ है। शुक्रवार की …

जलालाबाद,अमृत विचार। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर सपा कार्यकर्ता केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के विरोध में 7 दिसंबर से किसानों के समर्थन में किसान रैली का आयोजन कर रहे हैं जबकि पुलिस प्रशासन इन रैलियों को रोकने में लगा हुआ है।

शुक्रवार की सुबह भी सपा के शाहजहांपुर जिलाध्यक्ष तनवीर खान के घर पुलिस ने डेरा जमाया हुआ था मगर जिलाध्यक्ष एक बार फिर पुलिस को चकमा देकर अल्लाहगंज में प्रस्तावित किसान रैली के लिए जलालाबाद विधायक शरदवीर सिंह के अल्हागंज स्थित आवास पर पहुंच गए जहां से तिलहर क्षेत्राधिकारी परमानंद पांडेय के नेतृत्व में जलालाबाद और अल्हागंज पुलिस ने जिलाध्यक्ष तनवीर खान, विधायक शरदवीर सिंह, महासचिव रणंजय सिंह, कमलेश यादव, उपेंद्र पाल सिंह, अरुण कुमार उर्फ डैनी समेत अन्य सभी लोगों को हिरासत में लेकर जलालाबाद स्थित भगवान परशुराम संस्कृत महाविद्यालय में नजरबंद कर दिया।

अल्हागंज से आते हुए और महाविद्यालय परिसर में सपा कार्यकर्ताओं द्वारा किसानों के समर्थन में नारेबाजी की गई और केंद्र और प्रदेश की बीजेपी सरकार पर किसान विरोधी सरकार होने का आरोप लगाया। महाविद्यालय में मीडिया से मुखातिब होकर जिलाध्यक्ष तनवीर खान ने बीजेपी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जब समाजवादी पार्टी सत्ता में थी तब उसने किसानों के लिए हितकारी योजनाओं को लागू कर किसानों को लाभान्वित किया और अब विपक्ष में सरकार के खिलाफ किसानों के कंधे से कंधा मिलाकर काले कानून का विरोध कर रही है। उन्होंने कहा जब तक यह कानून वापस नहीं हो जाते समाजवादी पार्टी का एक एक कार्यकर्ता सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेगा और बीजेपी को किसानों के हित में एमएसपी को लागू करना ही पड़ेगा।

जलालाबाद विधायक शरदवीर सिंह ने बताया कि सरकार की नीति किसानों को बर्बाद कर देने वाली है। यह सरकार किसान विरोधी है हाल ही में किसानों के धान मूल्य की जो हालत इस सरकार में हुई कभी इतिहास में नहीं हुई। किसानों को अपनी धान की फसल एमएसपी से भी आधे मूल्य पर मजबूरन बेचनी पड़ी जिसके लिए उन्होंने शासन प्रशासन को शिकायत भी की मगर कोई फायदा न हुआ। किसानों की बदहाल स्थिति के लिए बीजेपी सरकार जिम्मेदार है।

नमाज़ अदा करने को मिली छूट
किसानों के समर्थन में किसान रैली कर रहे सपाइयों को पुलिस ने अल्हागंज से गिरफ्तार कर जलालाबाद के संस्कृत महाविद्यालय में नजरबंद कर दिया था। शुक्रवार होने के कारण जिलाध्यक्ष ने पुलिस प्रशासन से जुमा की नमाज़ अदा करने की बात कही तो पुलिस प्रशासन द्वारा सभी मुस्लिम प्रदर्शनकारियों को जिलाध्यक्ष तनवीर खान के साथ नमाज अदा करने की अनुमति दे दी। तिलहर क्षेत्राधिकारी परमानंद पांडेय ने जिलाध्यक्ष के साथ पुलिसकर्मियों को मस्जिद तक साथ भेज कर नमाज के लिए विदा किया।

संबंधित समाचार